नई दिल्ली, 19 नवंबर । दिल्ली की साकेत कोर्ट ने गुरुवार को दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के कालकाजी स्थित ‘आस्था कुंज पार्क’ में नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म मामले में दिल्ली पुलिस की चार्जशीट पर संज्ञान लिया है। एडिशनल सेशन जज (फास्ट ट्रैक स्पेशल कोर्ट-पॉक्सो) स्वाति शर्मा ने पुलिस द्वारा दाखिल की गई फाइनल रिपोर्ट पर संज्ञान लेते हुए आरोपितों को चार्जशीट की प्रति उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
कोर्ट ने इस मामले में तीनों आरोपितों के खिलाफ आरोप तय करने (फ्रेमिंग ऑफ चार्जेस) पर बहस के लिए अगली सुनवाई की तारीख एक दिसंबर तय की है।
दिल्ली पुलिस ने 13 नवंबर को इस मामले में तीनों आरोपितों मोहम्मद आसिफ, हेमंत सिंह और मुकेश सिंह के खिलाफ अदालत में चार्जशीट दाखिल की थी। पुलिस की इस रिपोर्ट में लगभग 450 से 500 पन्नों के दस्तावेज शामिल हैं। जांच एजेंसी ने मामले को मजबूत बनाने के लिए 57 से 60 से अधिक गवाहों के बयान दर्ज किए हैं, जिनमें पीड़िता और घटना के समय उसके साथ मौजूद उसका दोस्त भी शामिल है। इसके अतिरिक्त, चार्जशीट में आरोपितों की मोबाइल लोकेशन डेटा, कॉल डिटेल रिकॉर्ड, पार्क के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और घटनास्थल से जुटाए गए फॉरेंसिक व जैविक (बायोलॉजिकल) साक्ष्यों को प्रमुख आधार बनाया गया है।
यह घटना 21 सितंबर की शाम सवा सात बजे से आठ बजे के बीच की है, जब तीनों आरोपितों ने लड़की और उसके 17 वर्षीय दोस्त को गेट नंबर 7 से पार्क में प्रवेश करते देखा। उन्होंने लगभग एक किलोमीटर तक उनका पीछा किया और फिर उन्हें रोक लिया। उन्होंने खुद को पुलिसकर्मी बताकर दोनों को धमकाया और उनके खिलाफ मामला दर्ज करने की चेतावनी दी। इसके बाद आरोपितों ने लड़की को उसके दोस्त से कथित तौर पर अलग कर दिया। आसिफ पर आरोप है कि उसने चाकू और पिस्तौल दिखाकर धमकाया, जबकि दो आरोपित लड़की को पार्क के अंदर झाड़ियों की तरफ सुनसान जगह पर ले गए और वहां लड़की का यौन उत्पीड़न किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया था और वे फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं।
