फतेहाबाद में अवैध खनन पर कार्रवाई, जेसीबी व दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त

फतेहाबाद, 22 नवंबर । जिले के भूना खंड के गांव ढाणी सांचला के खेतों में अवैध रूप से मिट्टी की खुदाई करने के मामले में माइनिंग विभाग हिसार की टीम ने रविवार को कार्रवाई करते हुए एक जेसीबी मशीन और मिट्टी से भरी दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को कब्जे में लिया है। विभाग की इस कार्रवाई से अवैध खनन करने वालों में हडक़ंप मच गया। मिली जानकारी के अनुसार, माइनिंग विभाग चंडीगढ़ को सूचना मिली थी कि गांव ढाणी सांचला के खेतों में ईंट भ_े के लिए अवैध तरीके से मिट्टी की खुदाई की जा रही है और मिट्टी निकालकर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में भरी जा रही है। इस सूचना पर माइनिंग विभाग हिसार की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच के दौरान खेतों में एक जेसीबी मशीन से खुदाई होती मिली और मौके पर मिट्टी से भरी दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां भी खड़ी पाई गई। टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जेसीबी मशीन और दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को कब्जे में ले लिया। इस कार्रवाई के दौरान थाना भूना प्रभारी कंवर सिंह के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने भी पूरा सहयोग दिया। फिलहाल पुलिस ने वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है और विभाग की ओर से अवैध खनन के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।