हरियाणा लोक भवन में मनाया गया संविधान दिवस

चंडीगढ़, 26 नवंबर । हरियाणा लोक भवन में गुरुवार को संविधान दिवस मनाया गया। इस अवसर पर राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारत के संविधान में निहित आदर्शों, मूल्यों एवं सिद्धांतों के प्रति निष्ठा बनाए रखने की शपथ दिलाई।

कार्यक्रम के दौरान लोक भवन के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी संविधान की प्रस्तावना के सामूहिक वाचन के लिए हॉल में एकत्रित हुए। राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने प्रस्तावना का वाचन किया तथा उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके साथ इसका सामूहिक रूप से पाठ किया।

इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि भारत का संविधान प्रत्येक नागरिक को न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता के मूलभूत आदर्शों की गारंटी देता है। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इन संवैधानिक मूल्यों को अपने आचरण और कार्यशैली में आत्मसात करना चाहिए तथा नियमों एवं निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुरूप अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए, ताकि प्रत्येक व्यक्ति के साथ निष्पक्षता एवं न्याय सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने सभी से संविधान के आदर्शों एवं मूल्यों के प्रति सदैव प्रतिबद्ध रहने का आह्वान किया।

इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव विजयकुमार भाविकट्टी, राज्यपाल के एडीसी मोहित हांडा, स्क्वाड्रन लीडर पि. भरत सहित लोक भवन के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।