सिरसा: पांच नशा तस्कर गिरफ्तार

सिरसा, 28 नवंबर । पुलिस ने नशा तस्करों पर कार्रवाई करते हुए जिला क्षेत्र से पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हेरोइन बरामद की है। पुलिस प्रवक्ता ने शनिवार को बताया कि पुलिस टीम डबवाली में भारतमाला पुल क्षेत्र में वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो युवक आते दिखाई दिए जो कि पुलिस को देखकर वापस मुड़ गए । पुलिस ने संदेह के आधार पर बाइक सवार युवकों को काबू कर लिया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से हेरोइन बरामद हुई। पुलिस पूछताछ में आरोपियों की पहचान गुरप्रीत सिंह व जगतार सिंह के रूप में हुई। इसके अलावा पुलिस ने हेरोइन तस्करी मामले में फरार चल रहे लवप्रीत सिंह, ललित कुमार व रोशन लाल को गिरफ्तार किया है।

आरोपियों के खिलाफ संबंधित पुलिस थानों में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। इसके अलावा पुलिस ने सिरसा क्षेत्र में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए आरोपी अजय कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने सिरसा शहर क्षेत्र में एक घर का ताला तोडक़र लाखों रुपये के आभूषण व नकदी चुरा ली थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अजय कुमार को गिरफ्तार कर चोरीशुदा आभूषण बरामद कर लिए हैं।