परिसीमन विधेयक से आदिवासी राजनीतिक प्रतिनिधित्व प्रभावित होने की आशंका : केशव महतो

पूर्वी सिंहभूम, 29 नवंबर । बिष्टुपुर स्थित तिलक पुस्तकालय कांग्रेस कार्यालय में रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार के प्रस्तावित परिसीमन विधेयक का विरोध किया। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष केशव महतो ने कहा कि परिसीमन की प्रस्तावित व्यवस्था झारखंड के आदिवासी समाज के राजनीतिक प्रतिनिधित्व को प्रभावित कर सकती है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर इंडी गठबंधन के सभी सहयोगी दलों को एकजुट करने का प्रयास कर रही है। उम्मीद है कि झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) भी आदिवासी हितों को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित विधेयक का विरोध करेगा।

केशव महतो ने कहा कि परिसीमन के बाद देश में लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों की संख्या बढ़ाने की तैयारी है, लेकिन अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीटों में उसी अनुपात में वृद्धि का स्पष्ट प्रावधान नहीं है। झारखंड में वर्तमान में विधानसभा की 28 सीटें आदिवासी समुदाय के लिए आरक्षित हैं। आबादी और राजनीतिक प्रतिनिधित्व के अनुपात को बनाए रखने के लिए इन सीटों की संख्या बढ़ाना जरूरी है। उन्होंने आशंका जताई कि प्रस्तावित व्यवस्था में सीटों के पुनर्गठन से आदिवासी समुदाय का राजनीतिक प्रतिनिधित्व अपेक्षाकृत कम हो सकता है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि परिसीमन केवल चुनावी क्षेत्रों की सीमाएं निर्धारित करने की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि इसका सीधा संबंध राज्यों और विभिन्न सामाजिक समूहों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व से है। कांग्रेस किसी भी ऐसी व्यवस्था का विरोध करेगी, जिससे झारखंड के आदिवासी समाज की राजनीतिक आवाज कमजोर हो।

पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने परिसीमन के मुद्दे के साथ महंगाई, बेरोजगारी और आम जनता से जुड़े अन्य सवालों पर भी केंद्र सरकार से जवाब मांगा। पूर्व सांसद प्रदीप बालमुचू ने कहा कि झारखंड के अधिकारों और लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व की रक्षा के लिए विपक्षी दलों को एकजुट होकर आवाज उठानी होगी।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि परिसीमन विधेयक के विरोध के साथ-साथ महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को लेकर पार्टी जनता के बीच अभियान चलाएगी।

प्रेस वार्ता में जिला कांग्रेस अध्यक्ष रविंद्र सिंह, सूर्यकांत शुक्ला, अशोक चौधरी, रामाश्रय प्रसाद, रविंद्र झा, विजय यादव, राकेश तिवारी, अजय सिंह और महिला कांग्रेस अध्यक्ष नली सिंह सहित अन्य कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।———-