किसानों को समय पर बीज उपलब्ध कराने का उपायुक्त ने दिया निर्देश

किसानों को खेती के लिए समय पर बीज उपलब्ध कराने को लेकर शुक्रवार को समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त की अध्यक्षता में बीज विनिमय वितरण कार्यक्रम और बीज उत्पादन से संबंधित बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिले के सभी लैम्प्स केंद्रों के माध्यम से किसानों को ससमय बीज उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।

उपायुक्त ने सभी लैम्प्स अध्यक्षों को निर्देश दिया कि जिले में संचालित लैम्प्स केंद्रों से गेहूं, चना, मसूर, सरसों सहित अन्य फसलों के बीज का वितरण निर्धारित समय पर सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि किसानों को बीज के लिए अनावश्यक परेशानी नहीं हो और उन्हें अपने नजदीकी लैम्प्स केंद्रों पर आसानी से बीज उपलब्ध हो सके, इसके लिए व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए।

बैठक में प्रखंड स्तर पर कृषि कार्यों के संचालन और किसानों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए समन्वय पर भी बल दिया गया। उपायुक्त ने सभी एटीएम (एग्रीकल्चर टेक्नोलॉजी मैनेजर) एवं बीटीएम (ब्लॉक टेक्नोलॉजी मैनेजर) को टीम भावना के साथ मिलकर कार्य करने का निर्देश दिया।

बैठक में जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, परियोजना निदेशक आत्मा, सभी लैम्प्स अध्यक्ष, एटीएम, बीटीएम सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।