पलामू, 24 नवंबर । पलामू जिले में पिछले 24 घंटे के दौरान अलग-अलग घटनाओं में एक महिला सहित तीन लोगों की मौत हो गई। तरहसी, चैनपुर और मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्रों में हुई इन घटनाओं में तरहसी में महिला का शव पेड़ से लटका मिला, जबकि चैनपुर में कुएं से एक अज्ञात युवक का शव बरामद किया गया। वहीं, सदर थाना क्षेत्र में टेम्पो की टक्कर से 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई। पुलिस तीनों मामलों की जांच कर रही है।
पहली घटना तरहसी थाना क्षेत्र के गुरहा पंचायत अंतर्गत भरतपुर गांव की है। यहां मंगलवार को अमरूदिया देवी (55) का शव पलाश के पेड़ से फंदे के सहारे लटका मिला। बताया जाता है कि महिला बिना किसी को बताए घर से निकल गई थी। दोपहर में गांव के चरवाहों ने भरतपुर गांव के चहकउवाटांड़ में शव देखा और इसकी सूचना ग्रामीणों को दी।
घटना की जानकारी मिलने पर गुरहा पंचायत की मुखिया सबा फिरदोस के पति एवं समाजसेवी गुल खान ने तरहसी पुलिस को सूचित किया। इसके बाद एसआई मानेन्द्र शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। मुखिया भी घटनास्थल पर पहुंचीं और परिजनों को सांत्वना दी।
पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजना चाहती थी, लेकिन परिजनों और ग्रामीणों के आग्रह पर शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया। परिजनों के अनुसार, महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी।
दूसरी घटना चैनपुर थाना क्षेत्र के बांसडीह गांव की है। यहां एक कुएं से युवक का शव बरामद किया गया। शव मिलने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना चैनपुर थाना पुलिस को दी।
फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह भी स्पष्ट नहीं है। पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को कुएं से निकलवाने और उसकी पहचान कराने की प्रक्रिया में जुटी है।
तीसरी घटना मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र के कुसुमटांड़ में राष्ट्रीय राजमार्ग-39 पर सोमवार देर रात हुई। यहां टेम्पो की टक्कर से बाइक सवार सुबोध कुमार (23) की मौत हो गई। बताया जाता है कि वह घर से निकला था और देर रात सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, एक टेंट हाउस के टेम्पो की बाइक से टक्कर हुई थी। टेम्पो पर सत्यम टेंट हाउस लिखा हुआ था। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। अस्पताल पुलिस चौकी के महेंद्र कुमार एवं अन्य पुलिसकर्मियों ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम कराया। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने परिजनों का बयान भी दर्ज किया है।
परिजनों के अनुसार, सुबोध की शादी तय हो गई थी। मनातू में उसका रिश्ता पक्का हुआ था। उसकी अचानक मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया। वहीं, जिस परिवार में उसका रिश्ता तय हुआ था, वहां भी शोक का माहौल है। सदर थाना पुलिस फरार टेम्पो और उसके चालक की तलाश में जुटी है।——-
