उत्पाद विभाग की कार्रवाई में शराब की पांच भट्ठियां ध्वस्त

पश्चिमी सिंहभूम, 25 नवंबर । जिले में अवैध महुआ शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ उत्पाद विभाग ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। उत्पाद अधीक्षक आर. तिवारी के निर्देश पर विभाग की टीम ने चाईबासा मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के सालीगुटू गांव में छापेमारी कर अवैध रूप से संचालित महुआ शराब की पांच भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया।

कार्रवाई के दौरान मौके से करीब 55 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की गई, जबकि शराब बनाने के लिए तैयार किए गए लगभग 1500 किलोग्राम किण्वित जावा-महुआ को नष्ट कर दिया गया।

बताया गया कि सालीगुटू गांव में लंबे समय से अवैध महुआ शराब बनाने की सूचना उत्पाद विभाग को मिल रही थी। इसी सूचना के आधार पर टीम ने बुधवार को गांव में दबिश दी। टीम के पहुंचते ही अवैध शराब निर्माण में जुटे कई लोग मौके से फरार हो गए। इसके बाद अधिकारियों ने शराब तैयार करने के लिए बनाई गई पांचों भट्ठियों को पूरी तरह तोड़कर नष्ट कर दिया और वहां मौजूद शराब और जावा-महुआ को जब्त कर नष्ट किया।

उत्पाद विभाग ने अवैध शराब के निर्माण और बिक्री में संलिप्त भट्ठी संचालकों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत पांच अलग-अलग अभियोग दर्ज किए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।