बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के बाबा कुटी कैरेज कॉलोनी में मंगलवार रात एक युवक ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान मंगल मंडल (36) के रूप में हुई है। वह लकड़ी की पॉलिश करने का काम करता था।
बताया गया कि मंगल मंडल की करीब छह वर्ष पहले शादी हुई थी। हालांकि शादी के कुछ महीने बाद ही उसकी पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी। इसके बाद से वह अकेले रह रहा था और कथित तौर पर मानसिक तनाव में रहता था। मंगलवार रात उसने घर में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। घटना का पता चलने पर आसपास के लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी।
सूचना मिलने के बाद बर्मामाइंस थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल आत्महत्या के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
