पूर्वी सिंहभूम, 15 नवंबर । पूर्वी सिंहभूम जिले के बोड़ाम थाना क्षेत्र स्थित डिमना लेक रोड की घाटी में शनिवार देर रात सड़क हादसे में बाइक सवार 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान कमलपुर थाना क्षेत्र के कांकीडीह टोला हाड़ियाडीह निवासी बासुदेव टुडू के रूप में हुई है। रविवार को एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।
परिजनों के अनुसार, बासुदेव दो भाइयों में छोटा था और मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। करीब डेढ़ वर्ष पहले ही उसकी शादी हुई थी। शनिवार को वह दो रिश्तेदारों के साथ पुरानी बाइक खरीदने जमशेदपुर आया था। पसंद की बाइक नहीं मिलने पर वह भादुडीह निवासी अजय मुर्मू और एक अन्य रिश्तेदार के साथ अलग-अलग बाइक से घर लौट रहा था। इस दौरान बासुदेव आगे निकल गया, जबकि दोनों रिश्तेदार पीछे रह गए।
डिमना घाटी में कुसुम पेड़ के पास पहुंचने पर किसी अज्ञात वाहन ने बासुदेव की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह बाइक सहित सड़क किनारे झाड़ियों में जा गिरा। पीछे से आ रहे दोनों रिश्तेदारों को हादसे की जानकारी नहीं हुई और वे आगे निकल गए। करीब चार किलोमीटर दूर भादुडीह पहुंचने पर जब बासुदेव उनके साथ नहीं मिला तो दोनों वापस लौटकर उसकी तलाश करने लगे।
तलाश के दौरान कुसुम पेड़ के पास झाड़ियों में बासुदेव गंभीर रूप से घायल और लहूलुहान अवस्था में मिला। इसी दौरान वहां से गुजर रहे पटमदा के जिला परिषद सदस्य खगेन चंद्र महतो की मदद से उसे तत्काल एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही बासुदेव के परिवार में मातम छा गया। डेढ़ वर्ष पहले ही विवाह के बाद पति की मौत से उसकी पत्नी सदमे में है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बोड़ाम पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। साथ ही अज्ञात वाहन की पहचान के लिए मामले की जांच शुरू कर दी है।
