जनजातीय साहित्य को मिलेगा नया मंच, पुस्तक मेले में बनेगा विशेष खंड

नई दिल्ली, 13 नवंबर । जनजातीय भाषाओं, साहित्य और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से इंडिया हैबिटेट सेंटर में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय जनजातीय साहित्य महोत्सव का शुक्रवार को समापन हो गया। जनजातीय गौरव पखवाड़े के तहत जनजातीय कार्य मंत्रालय की ओर से आयोजित इस महोत्सव में देशभर से आए साहित्यकारों, शोधकर्ताओं, कवियों और विशेषज्ञों ने जनजातीय साहित्य, मौखिक परंपराओं और भाषाई विविधता के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया।

समापन समारोह में जनजातीय कार्य मंत्रालय की सचिव रंजना चोपड़ा ने कहा कि जनजातीय भाषाओं और साहित्य को जीवित रखने के लिए केवल आयोजन करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि इन भाषाओं में लिखी पुस्तकों को पाठकों तक पहुंचाना और लेखकों को प्रोत्साहित करना भी जरूरी है। महोत्सव में 27 जनजातीय भाषाओं का प्रतिनिधित्व इस बात का प्रमाण है कि भाषाई विविधता के बावजूद साहित्य और अभिव्यक्ति की मूल संवेदना एक है।

उन्होंने कहा कि व्यक्ति अपनी मातृभाषा में भावनाओं और रचनात्मक विचारों को सबसे प्रभावशाली ढंग से व्यक्त कर सकता है। इसलिए जनजातीय भाषाओं का संरक्षण समुदायों की सांस्कृतिक पहचान और पारंपरिक ज्ञान को सुरक्षित रखने के लिए भी महत्वपूर्ण है।

उन्होंने जनजातीय संगीत और पारंपरिक धुनों के कॉपीराइट संरक्षण के लिए मंत्रालय की पहल की जानकारी देते हुए बताया कि इंडियन परफॉर्मिंग राइट्स सोसाइटी (आईपीआरएस) के सहयोग से जनजातीय संगीतकारों, गायकों और गीतकारों के हितों के संरक्षण के लिए ‘लिविंग रूट्स ओरिजिनल्स’ नाम से संगीत लेबल शुरू किया गया है।

चोपड़ा ने जनजातीय साहित्य को व्यापक पाठक वर्ग तक पहुंचाने के लिए एक और महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पुस्तक न्यास (एनबीटी) की ओर से प्रगति मैदान में आयोजित होने वाले पुस्तक मेले में जनजातीय साहित्य के लिए विशेष स्टॉल अथवा अलग खंड स्थापित किया जाएगा। इसके लिए जनजातीय लेखकों और प्रकाशकों से उनकी पुस्तकों का विवरण मांगा जाएगा, ताकि उनकी रचनाओं को प्रदर्शित कर अधिक से अधिक पाठकों तक पहुंचाया जा सके।

इससे पहले साहित्य अकादेमी के पूर्व सचिव के. श्रीनिवास राव ने महोत्सव के निष्कर्ष प्रस्तुत करते हुए बताया कि इसमें 27 भाषाओं के 32 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिनमें 23 विशुद्ध जनजातीय भाषाएं थीं। उन्होंने कहा कि मौखिक परंपराएं जनजातीय समुदायों की पहचान, इतिहास, प्रकृति से उनके संबंध, सामाजिक मूल्यों और सामूहिक स्मृति की वाहक हैं। इन्हें केवल अतीत की धरोहर मानना उचित नहीं है, क्योंकि समकालीन जनजातीय साहित्य विस्थापन, वन एवं भूमि अधिकार, सामाजिक न्याय, लैंगिक समानता, पर्यावरण और आधुनिकता जैसी चुनौतियों को भी अभिव्यक्त कर रहा है।

उन्होंने कहा कि मौखिक और लिखित साहित्य एक-दूसरे के विरोधी नहीं, बल्कि पूरक हैं। जनजातीय साहित्य को भारतीय साहित्य का अभिन्न हिस्सा मानते हुए विश्वविद्यालयों के पाठ्यक्रमों, शोध कार्यक्रमों, अनुवाद परियोजनाओं और प्रकाशन के मुख्य मंचों पर उचित स्थान दिया जाना चाहिए। साथ ही संकटग्रस्त मौखिक परंपराओं का दस्तावेजीकरण एवं डिजिटलीकरण और युवा पीढ़ी को मातृभाषा में लेखन के लिए प्रोत्साहित करने की आवश्यकता है।महोत्सव के दूसरे दिन पहले सत्र में ‘मौखिक महाकाव्य और वीर परंपराएं : जनजातीय समुदायों की महाकाव्य कल्पना’ विषय पर गुजरात, राजस्थान और मणिपुर के विशेषज्ञों ने विचार रखे। प्रकाश झा के संचालन में आयोजित सत्र में लोक साहित्यकार एवं शोधकर्ता भगवान दास पटेल, कवि एवं अनुवादक उपेंद्र अणु तथा लोक साहित्य विशेषज्ञ मयांगलाम्बम सदानंद सिंह ने जनजातीय महाकाव्य परंपराओं के विभिन्न पक्षों पर प्रकाश डाला।

भगवान दास पटेल ने भील समुदाय की मौखिक परंपराओं पर चार दशक से अधिक के अपने शोध अनुभव साझा किए। उन्होंने ‘भीलों नो भारत’ और ‘गुजरों नो अरेलो’ जैसी कृतियों का उल्लेख करते हुए बताया कि करीब दस वर्षों तक एक हजार ऑडियो कैसेट के माध्यम से लोक साहित्य, आख्यानों, मंत्रों और महाकाव्यों का दस्तावेजीकरण किया गया। उन्होंने कहा कि इन महाकाव्यों में जीवन मूल्यों, गुरु के प्रति सम्मान, अहंकार के त्याग और स्त्री की प्रतिष्ठा जैसे संदेश समाहित हैं।

उपेंद्र अणु ने गोंडवाणी, गोंड रामायण, लिंगा भारत, भीमा सिद्धि और भील महाभारत जैसी परंपराओं की चर्चा की। वहीं, मयांगलाम्बम सदानंद सिंह ने मणिपुर की ‘वारी लीबा’ कथावाचन परंपरा और ‘खंबा थोइबी’ महाकाव्य के साथ असम के कार्बी समुदाय की ‘सबिन अलुन’ रामायण तथा उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र के पांडव नृत्य की जानकारी दी।

दूसरे सत्र में ‘बहुभाषी शिक्षा में मौखिक परंपरा : भाषा, साक्षरता और बहुभाषावाद’ विषय पर चर्चा हुई। के. श्रीनिवास राव के संचालन में अनिल कुमार बोरो, सिल्वेनस लामरे और पार्वती तिर्की ने बोडो, खासी और कुड़ुख भाषाओं के संदर्भ में मौखिक परंपराओं तथा आधुनिक शिक्षा के बीच समन्वय पर विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि मातृभाषा के माध्यम से बच्चों को नैतिक शिक्षा और सामुदायिक ज्ञान से जोड़ने के साथ डिजिटल तकनीक का भी विवेकपूर्ण उपयोग किया जाना चाहिए।

तीसरे सत्र में विभिन्न जनजातीय भाषाओं के युवा लेखकों ने कहानी पाठ किया।

अंतिम सत्र में जोगमाया चकमा के संचालन में विभिन्न जनजातीय भाषाओं के कवियों ने कविता पाठ किया। इसमें के. वासमल्ली, क्राइरी मोग चौधरी, बाबू संगदा, हिरजिर इंगती कथारपी, गोपी कृष्ण सोनी, मरीना एक्का, सुधा चौहान और अंजली बेलागल ने अपनी-अपनी भाषाओं में कविताएं प्रस्तुत कीं।