जोधपुर, 23 नवम्बर । राजस्थान हाईकोर्ट ने सूचना सहायक भर्ती 2023 में बैकलॉग पदों पर उम्मीदवारी पर विचार करने की मांग कर रही दिव्यांग महिला अभ्यर्थी को राहत दी है कोर्ट ने उसकी दावेदारी पर नियुक्ति का लाभ देने का रास्ता साफ करते हुए भर्ती बोर्ड और राज्य सरकार को अहम आदेश दिए हैं। जस्टिस कुलदीप माथुर ने महिला की याचिका मंजूर करते हुए कहा कि उसकी उम्मीदवारी पर दिव्यांग आरक्षण के नियमों और हाईकोर्ट के पुराने फैसले के आधार पर विचार किया जाए। हाईकोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि महिला को नियुक्ति मिलती है तो उसका लाभ उसी तारीख से दिया जाएगा, जिस दिन इस भर्ती में लोकोमोटर दिव्यांग श्रेणी के अन्य अभ्यर्थियों को नियुक्ति मिली थी।
हाईकोर्ट ने कहा कि इस मामले में पहले ही डिवीजन बेंच अपने फैसले में आरक्षण से जुड़े नियम स्पष्ट कर चुकी है। इस फैसले में कहा गया था कि यदि किसी दिव्यांग श्रेणी में योग्य उम्मीदवार उपलब्ध नहीं है, तो खाली पद दूसरी दिव्यांग श्रेणी के उम्मीदवार से भरा जा सकता है। हालांकि, कोर्ट ने सीधे नियुक्ति का आदेश नहीं दिया है, बल्कि भर्ती बोर्ड और सरकार को अरुणा की उम्मीदवारी पर विचार करने का दिया है। दरअसल राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने 16 जनवरी 2023 को सूचना सहायक के पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी किया था। पाली की रहने वाली अरुणा राजपुरोहित ने इसी विज्ञापन के तहत भर्ती के लिए आवेदन किया था। इसके बाद चयन बोर्ड की ओर से 13 जून 2024 को बैकलॉग पदों के लिए संशोधित विज्ञापन जारी किया गया। अरुणा राजपुरोहित ने इसी भर्ती में दिव्यांग आरक्षण के तहत खाली रह गए बैकलॉग पदों पर अपनी उम्मीदवारी पर विचार करने की मांग की थी। उसका कहना था कि विज्ञापन के प्रावधानों के अनुसार एक दिव्यांग श्रेणी में योग्य अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं होने पर दूसरी श्रेणी के अभ्यर्थी को मौका दिया जा सकता है।
बैकलॉग पद खाली छोडऩे के बजाय दूसरी श्रेणी को मौका देने की मांग
याचिकाकर्ता ने विज्ञापन के आइटम 13(बी) का हवाला देते हुए कहा कि दिव्यांग श्रेणी के बैकलॉग पदों को खाली नहीं छोड़ा जाना चाहिए। यदि संबंधित श्रेणी में योग्य उम्मीदवार नहीं मिलता है तो नियमों के अनुसार दूसरी दिव्यांग श्रेणी के अभ्यर्थी पर विचार किया जाना चाहिए। इसी आधार पर उसने भर्ती में अपनी उम्मीदवारी पर विचार करने, अंतिम चयन सूची में शामिल करने और नियुक्ति के लिए सिफारिश करने की मांग की थी।
