राजगढ़ः जिलेभर में श्रद्धा और उत्साह से मना पर्व, मंत्री टेटवाल सहित जनप्रतिनिधियों ने की गौमाता की पूजा

राजगढ़, 09 नवंबर । मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में गोवर्धन पूजा के अवसर पर सोमवार को आस्था और परंपरा का संगम देखने को मिला। गौशालाओं से लेकर गांवों और शहरों तक लोगों ने विधि-विधान से गोवर्धन पूजन किया और गौमाता की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की।

इस दौरान प्रदेश के कौशल विकास एवं रोजगार विभाग के राज्यमंत्री गौतम टेटवाल सहित जिले के जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने विभिन्न गौशालाओं में पहुंचकर पूजन किया तथा गौसेवा और गौसंरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में विधायक राजगढ़ अमरसिंह यादव, खिलचीपुर विधायक हजारीलाल दांगी और नरसिंहगढ़ विधायक मोहन शर्मा ने भी विभिन्न गौशालाओं में पहुंचकर गोवर्धन पूजन किया। जनप्रतिनिधियों ने गौमाता की पूजा कर आशीर्वाद लिया। कार्यक्रमों में गौशाला समितियों के पदाधिकारी, स्थानीय नागरिक और संबंधित क्षेत्रों के अधिकारी भी शामिल हुए।

भारतीय संस्कृति में गोवर्धन पूजा का विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व है। मान्यता है कि भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत उठाकर प्रकृति, पर्यावरण और गौवंश संरक्षण का संदेश दिया था। इसी परंपरा के तहत गोबर से गोवर्धन पर्वत की आकृति बनाकर पूजा की जाती है। पर्व के माध्यम से लोगों ने प्रकृति, अन्न और पशुधन के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।

इधर, गृह ग्राम काशीखेड़ी में भी गोवर्धन पूजा पारंपरिक श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। यहां झालर माता और देव महाराज भगवान देवनारायण महाराज का विधि-विधान से पूजन किया गया। इसके साथ ही पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार मवेशियों की पूजा कर सुख- समृद्धि की कामना की गई। आयोजन में खिलचीपुर सीएमओ सहित अन्य लोग मौजूद रहे। गौपूजन के दौरान गौवंश के ग्रामीण अर्थव्यवस्था और कृषि में योगदान को भी रेखांकित किया गया। गोबर का जैविक खेती में उपयोग और दुग्ध उत्पादन में गाय की भूमिका को देखते हुए गौसेवा एवं संरक्षण का संकल्प लेने का संदेश दिया गया। जिलेभर में दिनभर पर्व को लेकर उत्साह बना रहा।