जोधपुर, 10 नवम्बर । कमिश्ररेट में पिछले दो दिनों में हुई सडक़ दुर्घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो गई। संबंधित थाना पुलिस ने कार्रवाई के उपरांत शव उनके परिजन के सुपुर्द किए। पुलिस अब मामलों की जांच में जुटी है।
राजीव गांधी नगर पुलिस ने बताया कि गुजवाला बेरा बड़ली नेड़ के रहने वाले रामस्वरूप पुत्र घेवरचंद ने रिपोर्ट दी। इसमें बताया कि उसका बड़ा भाई 61 वर्षीय श्यामलाल रिंग रोड चौखा कदमकंडी के पास में पैदल सडक़ पार कर रहा था। तब एक बुलेट सवार ने उन्हें चपेट में ले लिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल होने पर अस्पताल ले जाया गया। मगर बाद में उनकी मौत हो गई। राजीव गांधी नगर पुलिस ने अज्ञात बुलेट सवार के खिलाफ अब पड़ताल आरंभ की है। इसी तरह नखाकला खिंवसर नागौर के रहने वाले चैनाराम पुत्र मोटाराम गोदारा ने रिपोर्ट दी कि उसका बहनोई 53 वर्षीय बाबूलाल बाइक लेकर नगर निगम कचरा प्लांट के सामने रिंग रोड से निकल रहा था। तब एक कार के चालक ने बाइक को चपेट में लेकर पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में उसका बहनोई बाबूलाल बुरी तरह घायल हो गया। अस्पताल में उपचार के बीच मौत हो गई।
झंवर पुलिस ने बताया कि जानादेसर निवासी पुखराज पुत्र मदनलाल गौड़ ने रिपोर्ट दी कि उसका पुत्र मुरली बाइक लेकर 2 नवंबर को झंवर एरिया से निकल रहा था। तब एक कार चालक ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में उसका पुत्र मुरली बुरी तरह घायल हो गया था। उसकी अब अस्पताल में मौत हो गई। इसी तरह राणा नगर हिंगोला झंवर के रहने वाले बिलाल खां पुत्र फूसे खां ने रिपोर्ट दी कि उसका भाई बाइक लेकर चिंचड़ली गांव स्कूल से आगे निकल रहा था। तब किसी वाहन चालक ने चपेट में ले लिया। हादसे में घायल उसके भाई की बाद में मौत हो गई। वहीं करवड़ पुलिस के अनुसार पाल लिंक रोड राजीव गांधी कॉलोनी देवनगर निवासी इमरान पुत्र फकीर मो. ने रिपोर्ट दी कि उसका भाई बाइक लेकर करवड़ एरिया से निकल रहा था। तब किसी वाहन चालक ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में घायल उसके भाई की अस्पताल में मौत हो गई।
