सोनाखान स्टेशन मास्टर की सतर्कता से टला रेल हादसा, डीआरएम ने किया सम्मानित

पूर्वी सिंहभूम, 10 नवंबर । दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल के सोनाखान स्टेशन पर तैनात स्टेशन मास्टर आदित्य पांडेय ने अपनी सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से रेल परिचालन की सुरक्षा के प्रति कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया। उनकी सजगता को देखते हुए मंगलवार को मंडल रेल प्रबंधक तरुण हुरिया ने उन्हें सम्मानित किया।

घटना रात करीब 11.36 बजे की है। ड्यूटी के दौरान स्टेशन मास्टर आदित्य पांडेय की नजर एक खाली मालगाड़ी के इंजन से 18वें वैगन के एक्सल के पास निकल रही आग की लपटों पर पड़ी। उन्होंने बिना समय गंवाए स्थिति की गंभीरता को समझते हुए ड्यूटी पर तैनात पॉइंट्समैन को इसकी सूचना दी और आग बुझाने के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया। इसके साथ ही संबंधित विभाग के कर्मचारियों को भी सूचना दी गई, ताकि तकनीकी जांच और आवश्यक कार्रवाई समय पर की जा सके।

सूचना मिलते ही संबंधित विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और प्रभावित वैगन का निरीक्षण किया। जांच के दौरान वैगन में तकनीकी खराबी पाए जाने के बाद उसे मालगाड़ी से अलग करने के लिए आवश्यक मेमो जारी किया गया। इसके बाद रेलवे के निर्धारित नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की गई।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, आदित्य पांडेय की समय पर दिखाई गई सतर्कता और त्वरित निर्णय क्षमता से संभावित खतरे को समय रहते नियंत्रित किया जा सका। उनके इस सराहनीय कार्य के लिए 10 नवंबर को चक्रधरपुर मंडल रेल प्रबंधक तरुण हुरिया ने उन्हें पुरस्कार देकर सम्मानित किया। मंडल ने स्टेशन मास्टर की सजगता और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए कहा कि रेल परिचालन की सुरक्षा के प्रति उनका यह प्रयास अन्य रेल कर्मचारियों के लिए भी प्रेरणादायक है।