कांकेर, 24 नवंबर । जिले के भानुप्रतापपुर में दुकानों के सामने अतिक्रमण हटाने की कवायद के बीच व्यापारियों और प्रशासन के बीच जारी गतिरोध को लेकर एक बार फिर अहम बैठक हुई। मंगलवार को स्थानीय रेस्ट हाउस में व्यापारी संघ, नगर पंचायत अध्यक्ष, सीएमओ और एसडीएम की संयुक्त बैठक की गई, जिसमें कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद भोजराज नाग भी शामिल हुए।
बैठक में व्यापारी संघ ने नाली के अंदर दो फीट जगह खाली कराने के प्रस्ताव पर अपनी असहमति जताते हुए व्यापारियों की समस्याएं रखीं। व्यापारियों का कहना था कि इस निर्णय से उनके कारोबार और रोजी-रोटी पर असर पड़ सकता है।व्यापारियों की बात सुनने के बाद सांसद भोजराज नाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम को निर्देशित किया कि व्यापारियों को उनकी पुरानी निर्धारित सीमा यानी नाली तक व्यापार करने दिया जाए। वहीं शहर में यातायात की समस्या के स्थायी समाधान के लिए पार्किंग व्यवस्था विकसित करने पर भी चर्चा हुई।
हालांकि, बैठक के बाद व्यापारी संघ की ओर से इसे राहत भरे निर्णय के रूप में देखा जा रहा है, लेकिन इस मामले में प्रशासन का अंतिम निर्णय अभी आना बाकी है। सांसद के निर्देशों के बाद प्रशासनिक स्तर पर अधिकारियों के बीच आपसी चर्चा और आगे की प्रक्रिया के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल नाली तक व्यापार करने की अनुमति को लेकर अंतिम प्रशासनिक आदेश सामने आने का इंतजार है।
इधर व्यापारी संघ ने सभी व्यापारियों से नाली के बाहर किए गए निर्माण, दुकान के बोर्ड और बाहर रखे सामान को हटाने की अपील की है। संघ ने स्पष्ट किया है कि ऐसा नहीं करने पर किसी भी प्रशासनिक कार्रवाई के लिए संबंधित व्यापारी स्वयं जिम्मेदार होंगे और संघ की ओर से सहयोग नहीं किया जाएगा। अब देखना होगा कि सांसद के निर्देशों और व्यापारियों की मांग पर प्रशासन क्या अंतिम निर्णय लेता है। शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार और व्यापारियों की आजीविका के बीच संतुलन बनाने के लिए प्रशासन का अगला कदम महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
