उत्तरकाशी, 11 नवंबर । भैया दूज के पावन पर्व पर मंगलवार को मां गंगा व मां यमुना दोनों के ही मायके में उत्सव का माहौल रहा। मंगलवर को गंगोत्री धाम के कपाट बंद होने के बाद मां गंगा की उत्सव डोली बुधवार को अपने मायके मुखबा पहुंची। जहां तीर्थ पुरोहितों तथा श्रद्धालुओं ने मां गंगा का भव्य स्वागत किया। स्वागत के इस दौरान पूरे मुखबा गांव व क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल रहा। मां गंगा के स्वागत के लिए सभी लोग बड़े उत्साहित रहे और डोली यात्रा का परंपरानुसार पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भव्य स्वागत किया।
मुखबा में मां गंगा का प्राचीन मंदिर है, जहां शीलकाल में वह प्रवास करती हैं और यहीं पर शीतकाल के छह माह तक देश-विदेश के श्रद्धालु मां गंगा के दर्शन करते हैं। मुखबा में मां गंगा का मायका होने पर गांव के लोग गंगा को अपनी बेटी मानते हैं। ग्रीष्म काल में छह माह तक गंगोत्री धाम में प्रवास करने के बाद जब अन्नकूट के पर्व पर गंगोत्री धाम के कपाट बंद होते हैं तो गंगा अपने मायके शीतकालीन प्रवास मुखीमठ (मुखबा) प्रवास के लिए आती हैं।
बुधवार को जब गंगा की डोली मुखबा गांव पहुंची, तो यहां तीर्थ पुरोहितों एवं श्रद्धालुओं ने डोली का ढोल नगाड़ों, फूल मालाओं सहित पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान टू कुमांऊ रेजिमेंट के बैंड की धुन और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की थाप से पूरा मुखबा क्षेत्र गुंजायमान रहा। इस मौके पर मुखबा में महिलाओं ने रांसो-तांदी नृत्य की भी प्रस्तुत दी।
तीर्थ पुरोहित व मंदिर समिति के सचिव सुरेश सेमवाल, राजेश सेमवाल का कहना है कि मुखबा गांव में ग्रामीण मां गंगा को अपनी बेटी की तरह मानते हैं। ग्रामीण गंगोत्री धाम के कपाट बंद होने पर गंगा का स्वागत अपनी बेटी की तरह करते हैं तथा गंगोत्री धाम के कपाट खुलने पर बेटी की तरह ही गंगा को मुखबा से विदा करते हैं। ग्रामीण कलेऊ लगाकर भी गंगा की डोली के साथ देते हैं। यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है जो आज भी निरंतर जारी है।
वहीं दूसरी ओर यमुनोत्री धाम के कपाट भैया दूज के पावन पर्व पर शीतकाल के लिए बंद होने के बाद मां यमुना बुधवार को अपने शीतकालीन प्रवास खुशीमठ (खरसाली) पहुंची। जहां मां यमुना के पहुंचने पर सभी तीर्थ पुरोहितों तथा स्थानीय श्रद्धालुओं ने ढोल-नगाड़ो तथा फूल मालाओं के साथ परंपरानुसार मां यमुना का भव्य स्वागत किया। इस खुशी में पूरा खरसाली गांव इस दौरान सराबोर रहा।
