हमीरपुर, 10 नवंबर । उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड की परंपराओं और लोक संस्कृति का प्रतीक दीपावली पर्व हमीरपुर जिले के सरीला क्षेत्र में मंगलवार को हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। दीपावली की रात जहां घर-आंगन दीपों की रोशनी से जगमगाए और जमकर आतिशबाजी हुई, वहीं अमावस्या की सुबह से ही क्षेत्र में सदियों पुरानी लोक परंपराओं का सिलसिला शुरू हो गया। दिवारी नृत्य, मल्हार, गाय-बछड़ों को खिलाने और मौन व्रत धारण कर मौनिया बनने की परंपरा ने पर्व को खास बना दिया।
सरीला कस्बे के श्री शल्लेश्वर मंदिर परिसर, कराग देव स्थान, हरदौल लाला स्थान, और बड़ी माता मंदिर सहित विभिन्न स्थानों पर सुबह से ही दिवारी नृत्य की धूम रही। कलाकारों ने कमर में झालर और घुंघरू बांधकर तथा हाथों में मोर पंख लेकर ढोल-तासों की थाप पर जमकर नृत्य किया। वहीं गिल्ले से दिवारी और लाठी से मलहार जमकर खेली। इस दौरान लोगों ने बुंदेली लोकगीतों और मल्हार के बीच जमकर उत्साह दिखाया। दीपावली पर यादव समुदाय के लोगों ने गाय और बछड़ों को खिलाकर भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का स्मरण किया। मान्यता है कि भगवान श्रीकृष्ण ने बचपन में गोवंश की सेवा और गाय चराने जैसी लीलाएं की थीं।
इसी आस्था के चलते क्षेत्र में अहीर समुदाय के लोग छाहुर से गोवंश को खिलाने की परंपरा आज भी पूरी श्रद्धा के साथ निभाई जाती है। वहीं मौनिया बनने की अनूठी परंपरा में सरीला कस्बे सहित आसपास के गांवों के लोगों ने मौन व्रत धारण किया। बछिया की पूंछ पकड़कर नंगे पैर पैदल चलने वाले मौनियों ने भगवान श्रीकृष्ण की आराधना करते हुए 12 मेड़ों को छूने का संकल्प पूरा किया। कस्बे के प्राचीन मां कालिका देवी मंदिर में सुबह से ही मौनियों की भीड़ उमड़ी। यहां पूजा-अर्चना कर संकल्प लेने के बाद मौनिया मौन चराने निकल पड़े। गोधूलि बेला में वापस लौटकर उन्होंने अपनी परंपरा और व्रत का निर्वहन किया। बुजुर्ग दुलीचन्द यादव, सुखलाल यादव और रमेश, भगवानदीन अहीर ने बताया कि मौनिया बनने, दिवारी नृत्य करने, मल्हार खेलने और गोवंश को खिलाने की परंपराएं बुंदेलखंड की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत का हिस्सा हैं।
खासकर अहीर और यादव समुदाय के लोग इन परंपराओं को पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ा रहे हैं। हालांकि इसमें क्षेत्र के अन्य समुदायों के लोग भी बढ़-चढ़कर भागीदारी करते हैं। शाम को मांझखोर मुहाल के करीब आधा सैकड़ा लोगों ने कराग देव स्थान पर दिवारी नृत्य का आयोजन किया। इसमें दुलीचन्द यादव, रमेश यादव, लल्ला, हल्के नन्ना और सुखलाल यादव सहित अन्य बुजुर्गों ने सहभागिता की। कस्बे की पुरानी नगर पंचायत के पास सीने से पत्थर उखाड़ने की पारंपरिक रस्म भी निभाई गई। वहीं क्षेत्र के बरगवां गांव में आयोजित मेले में जीतू चौरसिया और उनकी टीम के बुंदेली रंगारंग राई कार्यक्रम को देखने के लिए हजारों की संख्या में लोग उमड़े। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख सरीला जीतू राजपूत, जिला पंचायत सदस्य राम सजीवन यादव, जिला पंचायत प्रत्याशी सत्या राजपूत सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। पूरे क्षेत्र में दिनभर बुंदेली लोकगीतों, नृत्य और पारंपरिक आयोजनों की धूम रही।
