राजगढ़, 10 नवंबर । मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में नगर के वार्ड क्रमांक 14 में पिछले एक माह से पर्याप्त पानी की सप्लाई नहीं होने से परेशान रहवासियों का गुस्सा मंगलवार सुबह फूट पड़ा। महिला और पुरुष खाली मटके लेकर नगरपालिका कार्यालय पहुंच गए। यहां पार्षद मोहित तंवर के साथ रहवासियों ने कार्यालय के गेट पर धरना दिया और खाली मटके फोड़कर विरोध जताया।
इस दौरान लोगों ने नगरपालिका प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अधिकारियों से पानी की समस्या का जवाब मांगा। पार्षद मोहित तंवर ने बताया कि वार्ड में करीब एक माह से जलापूर्ति प्रभावित है। इस संबंध में नगरपालिका के अधिकारियों और कर्मचारियों से रोजाना बात की जा रही है, लेकिन हर बार कोई न कोई कारण बताकर समस्या को टाल दिया जाता है। कभी वाल्व स्लिप होने की बात कही जाती है तो कभी टंकी नहीं भरने का कारण बताया जाता है। इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है।
तंवर ने सवाल उठाया कि जब अधिकारियों के अनुसार रात में पानी की टंकी भरी जाती है तो सप्लाई के समय पानी कहां चला जाता है। इसकी जांच होनी चाहिए, ताकि समस्या की वास्तविक वजह सामने आ सके। वार्डवासियों का कहना है कि नलों में नियमित रूप से और तय समय पर पानी नहीं आने से उन्हें रोजमर्रा के कामों के लिए पानी जुटाने में परेशानी हो रही है। लोगों ने नगरपालिका प्रशासन से जलापूर्ति व्यवस्था दुरुस्त करने और नियमित रूप से पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने की मांग की।
