बंद मकान में चोरों ने बोला धावा, लाखों की नकदी और जेवरात चोरी

हरिद्वार, 07 मार्च (हि.स.)। चिकित्सक के घर में चोरों ने धावा बोलकर लाखों के गहने और नकदी पर हाथ साफ कर लिया।

रुड़की के ढंडेरा में क्लिनिक का संचालन करने वाले डा. मनोज सैनी का सलेमपुर स्थित भूमिया कॉलोनी में आवास है। बुधवार शाम वह अपने परिवार के साथ एम्स में उपचाराधीन अपने साले को देखने के लिए गए थे। घर में ताला लगा था।

सुबह किसी परिचित ने उन्हें फोन करके बताया की कृष्णानगर स्थित तालाब के समीप एक बैग मिला है, जिसमें उनके बेटे का आधार कार्ड आदि समान है। सूचना के बाद उन्होंने अपने अन्य रिश्तेदारों को मौके पर भेजा और स्वयं भी परिवार के साथ एम्स से रुड़की की ओर रवाना हो गए।

घर आकर देखा तो मेन गेट का ताला तो लगा था, लेकिन उसके ऊपर एक चादर थी जिसके सहारे संभवत चोर अंदर गए। अंदर के कमरों के कुंडे और ताले तोड़कर चोरों ने घर में प्रवेश किया और अलमारियों में रखे सामान से नकदी और जेवरात ले गए। पीडि़त मनोज सैनी के अनुसार करीब एक लाख सात हजार की नकदी और सात से आठ लाख का जेवरात की चोरी हुई है। पीडि़त द्वारा सूचना पुलिस को भी दी गई। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक गोविंद सिंह ने बताया कि चोरी की सूचना प्राप्त हुई है। पुलिस मौके पर पहुंची हैं।