खेलो इंडिया सब जूनियर महिला हॉकी लीग के पांचवें दिन साई शक्ति, अनंतपुर अकादमी ने दर्ज की जीत

नई दिल्ली, 5 जनवरी (हि.स.)। दूसरे खेलो इंडिया सब जूनियर महिला हॉकी लीग के पांचवें दिन – चरण 2 में साई शक्ति टीम और अनंतपुर स्पोर्ट्स अकादमी ने अपने-अपने मैच जीते, जबकि ओडिशा नेवल टाटा हॉकी हाई परफॉर्मेंस सेंटर ने साई बाल टीम के साथ ड्रा खेला।

साई शक्ति टीम ने दर्ज की व्यापक जीत:

दिन के पहले मैच में साई शक्ति टीम ने प्रीतम सिवाच हॉकी अकादमी को 7-0 से हराया। पूर्णिमा यादव (28′, 43′, 53′) ने हैट्रिक लगाई, जबकि बिनाती मिंज (9′), भव्या (10′), प्रियंका (36′) और कैप्टन काजल (54′) ने एक-एक गोल किया।

ओडिशा नेवल टाटा हॉकी हाई परफॉर्मेंस सेंटर और साई बाल टीम ने गोल रहित ड्रा खेला:

दिन के दूसरे मैच में ओडिशा नेवल टाटा हॉकी हाई परफॉर्मेंस सेंटर का मुकाबला साई बाल टीम से 0-0 से ड्रा रहा। पिछले दिन अपने-अपने मैच जीतकर अच्छी फॉर्म के साथ इस खेल में आने वाली दोनों टीमें अपनी जीत की लय बनाने की कोशिश कर रही थीं। हालाँकि, दोनों टीमों की ओर से रक्षा के कड़े प्रदर्शन की बदौलत मैच बिना कोई गोल किए ड्रा पर समाप्त हुआ।

अनंतपुर स्पोर्ट्स अकादमी ने भाई बहलो हॉकी अकादमी भगता को हराया:

दिन के तीसरे मैच में अनंतपुर स्पोर्ट्स अकादमी ने भाई बहलो हॉकी अकादमी भगता को 4-1 से हराया। मैच का पहला गोल भाई बेहलो हॉकी अकादमी भगता के लिए जानवी (6′) ने किया, लेकिन अनंतपुर स्पोर्ट्स अकादमी के लिए पी. मधुरिमा बाई (15′, 53′) और एम. वैष्णवी (17′, 59′) ने गोल कर अपनी टीम को 4-1 से जीत दिला दी।