ऋषिकेश, 18 मार्च (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ हरिद्वार के पर्यावरण विभाग द्वारा ऋषिकेश स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में पर्यावरण संरक्षण पर अभ्यास वर्ग का आयोजन किया गया। अभ्यास वर्ग का शुभारंभ सरस्वती पूजन, पौधा पूजन एवं शांति पाठ के साथ हुआ। कार्यक्रम का संचालन पर्यावरण गतिविधि के हरिद्वार विभाग संयोजक दिनेश बिष्ट ने किया।
अभ्यास वर्ग के प्रथम सत्र में प्रांत सह संयोजक चंदन बिष्ट ने पर्यावरण गतिविधि के प्रारंभ से अब तक की सफल यात्रा के साथ “पर्यावरण संरक्षण क्यों और कैसे” पर विषय रखा। उन्होंने कंपोस्ट खाद, मिट्टी के संरक्षण आदि पर विशेष रूप से प्रकाश डाला।
दूसरे सत्र में देहरादून महानगर (उत्तर) संयोजक एवं प्रांत टोली जल प्रमुख डॉ भवतोष शर्मा ने “जल संरक्षण, जैविक, अजैविक कचरा प्रबंधन, पेड़ उपक्रम, हरित घर, हरित मिलन, इको मित्रम मोबाइल ऐप्लिकेशन” आदि पर विस्तार से विचार व्यक्त किये। तृतीय सत्र में “पर्यावरण संरक्षण में मातृ शक्ति की भूमिका” विषय पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए ऋषिकेश के जिला संघचालक राजेन्द्र बडोनी ने वर्ग में बताए गये कार्यों को आगे बढ़ाने का आग्रह किया। कार्यक्रम में ऋषिकेश, हरिद्वार, रुड़की से 50 से अधिक पर्यावरण प्रहरी/प्रेमी उपस्थित रहे।