चांदनी चौक के भाजपा प्रत्याशी प्रवीण खंडेलवाल ने रिकॉर्ड मतों से जीत का किया दावा

कहा-राजधानी दिल्ली की सातों सीट जीतने के साथ भाजपा 400 पार का बनाएगी रिकॉर्ड

नई दिल्ली, 23 मार्च (हि.स.)। देश में 18वीं लोकसभा के लिए चुनाव की तारीखों का ऐलान हो जाने के बाद चुनाव जीतने की राजनीतिक जोर आजमाइश तेज हो गई है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुवाई वाले राष्ट्रीय जनत्रांतिक गठबंधन (एनडीए) ने अबकी बार 400 पार का नारा दिया है। इसके विपरीत विपक्षी दलों के भारतीय राष्ट्रीय विकासात्मक समावेशी गठबंधन (आईएनडीआईए) केंद्र की सत्ता से एनडीए को बेदखल करने का हुंकार भर रहा है। दिल्ली की चांदनी चौक लोकसभा सीट से भाजपा ने कारोबारी नेता प्रवीण खंडेलवाल को मैदान में उतारा है। हालांकि, विपक्ष ने अपना उम्मीदवार मैदान में नहीं उतारा है। पिछले दो बार से इस सीट पर भाजपा का कब्जा है। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि तीसरी बार भाजपा इस सीट को कितनें मतों से जीतती है।

चांदनी चौक लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी और कारोबारी नेता प्रवीण खंडेलवाल से हिन्दुस्थान समाचार ने विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से बातचीत की, जो इस प्रकार है:

सवाल :- खंडेलवाल जी चुनाव जीतने के बाद आप चांदनी चौक की जनता के लिए कौन-सा काम सबसे पहले करेंगे?

जवाब : चुनाव जीतने के बाद चांदनी चौक घंटा घर के पास टेबल लगाकर पटरी पर बैठकर जनता की समस्याओं का समाधान करेंगे। मैं जनता से काम मांगूगा और उसका निदान करूंगा, न कि जनता अपने किसी काम के लिए मुझे खोजे और मेरे दफ्तर का चक्कर लगाए।

सवाल :- क्या जनता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुवाई वाली एनडीए सरकार के 10 वर्षों के विकास कार्यों से संतुष्ट है?

जवाब :- जी हां। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार ने स्वरोजगार के लिए प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और रेहरी पटरी वालों के लिए प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर आत्मनिर्भर निधि योजना सहित कई योजनाएं शुरू की हैं, जिससे करोड़ों लोगों को रोजगार मिला है, उससे उनकी जिंदगी संवर गई है।

सवाल :-देश और व्यापार में नारी-शक्ति के योगदान और उनके बारे में आपकी राय क्या है?

जवाब :- मोदी की अगुवाई वाली सरकार उज्ज्वला योजना, जनधन योजना और लखपति ड्रोन दीदी योजना सहित कई योजनाओं का संचालन कर रही है। इससे महिलाओं की देश की राजनीति और कारोबार में सक्रिय भागीदारी बढ़ी है, जो निस्संदेह एक विकसित और सशक्त भारत की दिशा में यात्रा को गति दे रही है।

सवाल :-खुदरा कारोबारियों के लिए चुनाव जीतकर सांसद बनने के बाद आप और क्या काम करेंगे?

जवाब :- कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय महामंत्री के रूप में मैंने राजधानी दिल्ली सहित देशभर के कारोबारियों के हितों की रक्षा के लिए हमेशा काम किया है। चांदनी चौक संसदीय क्षेत्र से चुनाव जीतने के बाद इनके हित से जुड़े सभी अूधरे काम को नियमानुसार पूरा कराने की यथासंभव कोशिश करूंगा, जो काम अभी तक मैं नहीं करा पाया हूं।

सवाल :- दिल्ली की शराब नीति घोटाला मामले को लेकर केजरीवाल की ईडी गिरफ्तारी पर आपकी प्रतिक्रिया?

जवाब :-संवैधानिक पद पर बैठे हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को केंद्रीय जांच एजेंसी के नौ बार समन जारी करने के बाद हाजिर नहीं होना अपने-आप में एक अहम सवाल है। केजरीवाल को ईडी के समन का सम्मान करना चाहिए था, कानून अपना काम कर रहा है।

सवाल :- पेटीएम पेमेंट बैंक पर आरबीआई के कदम का बतौर कैट महामंत्री आपकी राय क्या है?

जवाब :- पेटीएम पेमेंट्स बैंक संकट के बाद फिनटेक के लिए व्यापक नीति की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि किसी भी कंपनी को कानून का पालन करना होगा। इसके साथ ही खंडेलवाल ने कहा कि केंद्रीय बैंक ने जो तत्काल कदम उठाया है, वो एक सराहनीय कदम है।

सवाल :-चुनाव में राजनीतिक दलों को चुनावी बांड के जरिए मिलने वाले चंदे पर सुप्रीम कोर्ट सख्त है, क्या इसकी सूचना सार्वजनिक करनी चाहिए?

जवाब :- चूंकि यह मामला सुप्रीम कोर्ट में है। इसलिए इस पर कोई टिप्पणी करना उचित नहीं होगा लेकिन किसी कंपनी ने चंदा एक अकाउंट से दूसरे के अकाउंट में दिया है। ये तो ऐसे ही पारदर्शी है लेकिन इसे सार्वजनिक करने का फैसला दिया जाता है तो इसमें कोई खराबी नहीं है।

सवाल :- क्या इस बार एनडीए 400 सौ से ज्यादा सीट के साथ तीसरी बार केंद्र की सत्ता हासिल कर पाएगा?

जवाब :-दिल्ली की जनता प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में इस सीट से मुझे रिकॉर्ड मतों से चुनाव जिताने के साथ ही दिल्ली की सभी सातों सीटें भाजपा की झोली में डालेगी और देशभर में एनडीए 400 से ज्यादा सीट जीतकर तीसरी बार केंद्र की सत्ता हासिल करेगी।