हरिद्वार, 29 मार्च (हि.स.)। हरिद्वार में केमिकल उत्पाद बनाने वाली कंपनी ”फॉरेस पोलिमर्स” पर इनकम टैक्स विभाग का छापा पड़ा है। छापे की कार्रवाई में ढाई करोड़ रुपये की नकदी बरामद होने की सूचना है।
सूत्रों के अनुसार कंपनी के दिल्ली, गुजरात सहित सभी ठिकानों पर एक साथ बुधवार से छापे की कार्रवाई चल रही है। आयकर विभाग की छापेमार टीम करीब डेढ़ दर्जन गाड़ियों में हरिद्वार पहुंची। कंपनी मलिक विकास गर्ग के हरिद्वार में नन्द विहार स्थित घर पर भी इनकम टैक्स अधिकारी जांच कर रहे हैं।
छापे के दौरान आयकर अधिकारी कम्पनी के सभी कर्मचारियों के मोबाइल फोन, लेपटॉप तथा कंपनी परिसर में सभी कंप्यूटर कब्जे में लेकर जांच कर रहे हैं। कंपनी के कर्मचारियों से भी टीम पूछताछ कर रही है। जानकारी के अनुसार सर्च ऑपरेशन के दौरान करीब ढाई करोड़ की नकदी जब्त की गई है।
सूत्रों के अनुसार फॉरेस पोलिमर्स कंपनी का करीब 1000 करोड़ से अधिक का रुपये का टर्न ओवर है। कंपनी के मालिक सुरेश चंद्र गुप्ता और विकास गर्ग का देश भर में कारोबार फैला है।
कंपनी और कंपनी के निदेशकों पर लगे टैक्स चोरी करने के आरोप के मद्देनजर आयकर विभाग द्वारा यह छापा मारा गया है।