लखनऊ, 30 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह एवं पीवी नरसिम्हा राव और कृषि वैज्ञानिक डॉ. एमएस स्वामीनाथन एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर को मरणोपरांत भारत रत्न मिलने पर उनके परिजनों को शुभकामनाएं दी हैं।
मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने एक्स पर लिखा कि पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न सम्मान राष्ट्र के नव-निर्माण में उनके असाधारण योगदानों का अभिनंदन है। गांव, गरीब, वंचित, शोषित और अन्नदाता किसानों के समग्र उत्थान को समर्पित चौधरी साहब के अविस्मरणीय कार्यों ने भारतीय राजनीति को उत्कृष्ट लोकतांत्रिक मूल्यों से सुवासित किया।
मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री राव को भारत रत्न मिलने पर हर्ष जताया है। उन्होंने कहा कि राव के कुशल नेतृत्व और लोक-कल्याण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता से भारत के आर्थिक विकास को नई दिशा प्राप्त हुई। भारत को समृद्ध और उन्नत बनाने में उनके योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेंगे।
योगी ने डॉ. स्वामीनाथन को मरणोपरांत भारत रत्न से सम्मानित किए जाने पर कहा कि डॉ. स्वामीनाथन की दृढ़ प्रतिबद्धता और दूरदर्शिता से भारत में कृषि के उत्थान एवं अन्नदाता किसानों की समृद्धि व खुशहाली के एक नए युग की शुरुआत हुई। मुख्यमंत्री ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर को ‘भारत रत्न’ से सम्मानित किए जाने को एक गौरवपूर्ण क्षण बताया। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय को समर्पित रहा उनका पूरा जीवन भारतीय राजनीति के लिए सदैव एक आदर्श प्रतिमान रहेगा।