छात्र-छात्राओं को स्मैक बेचने वाला हिस्ट्रीशीटर स्मैक तस्कर गिरफ्तार, 50 ग्राम स्मैक बरामद

– गिरफ्तार आरोपित रवि राजन पर दर्ज हैं नौ केस

मुरादाबाद, 11 अप्रैल (हि.स.)। महानगर के थाना सिविल लाइंस पुलिस ने गुरुवार को थाना क्षेत्र के आदर्श कॉलोनी में दबिश देकर स्मैक की तस्करी करने वाले आरोपित रवि राजन को 50 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपित ने पूछताछ में बताया है कि उसका भाई बरेली से स्मैक मंगवाकर देता है और वह यहां स्कूल में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं और अन्य लोगों को बेचता है।

गुरुवार सुबह सिविल लाइंस थाना प्रभारी आरपी शर्मा, फकीरपुरा चौकी प्रभारी रीता तेवतिया पुलिस टीम के साथ आदर्श कॉलोनी में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान आदर्श कॉलोनी निवासी रवि राजन पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। आरोपित के पास से 50 ग्राम स्मैक बरामद की गई। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपित ने बताया कि स्कूल कॉलेज के छात्र-छात्राएं भी उसके ग्राहक हैं।

पुलिस ने आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। रवि राजन पर पहले से नौ केस दर्ज हैं। इंस्पेक्टर सिविल लाइन आरपी शर्मा ने बताया कि आज शाम आरोपित को कोर्ट में पेश किया जाएगा।