देहरादून, 26 जुलाई । भाजपा कार्यकर्ताओं ने रविवार को प्रदेशभर में बूथ स्तर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ को सुना। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कार्यकर्ताओं से जल संरक्षण और पर्यावरण बचाने के लिए सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
महेंद्र भट्ट ने राजपुर विधानसभा क्षेत्र के करनपुर मंडल स्थित बूथ संख्या 75 पर कार्यकर्ताओं के साथ ‘मन की बात’ कार्यक्रम सुना। इसके बाद उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का यह कार्यक्रम देशवासियों से संवाद, प्रेरणा और जनभागीदारी को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है। प्रधानमंत्री के विचार प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने ‘कैच द रेन’ अभियान के माध्यम से जल संरक्षण का संदेश दिया है। सभी लोगों को बारिश की एक-एक बूंद बचाने और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण में योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रकृति का संरक्षण करना आने वाली पीढ़ियों के लिए जिम्मेदारी है।
भट्ट ने कार्यकर्ताओं से खादी, हैंडलूम और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत की दिशा में लोकल उत्पादों को अपनाना जरूरी है। साथ ही स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तिरंगा यात्रा को सफल बनाने के लिए तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यालय में भी ‘मन की बात’ कार्यक्रम सुना गया। कार्यक्रम में प्रदेश कार्यालय सचिव जगमोहन रावत, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र नेगी, प्रदेश प्रवक्ता कमलेश रमन और चंडी प्रसाद बेलवाल सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
—