– परिजन ने जताई हत्या की आशंका
मीरजापुर, 11 अप्रैल (हि.स.)। संतनगर थाना क्षेत्र में गुरुवार की सुबह चुनमुनिया बगीचा के पास सड़क किनारे संदिग्ध परिस्थितियों एक महिला का शव पाया गया। परिजन ने हत्या किए जाने की आशंका जताई।
मृतका के ससुर बसंत लोल कोल ने बताया कि उसकी बहू फूलपत्ती देवी (35) पत्नी राजू कोल बुधवार की दोपहर घर से मोबाइल बनवाने के लिए दीपनगर बाज़ार गई थी। शाम तक घर न लौटने पर नाती संदीप व परिजन उसे काफी देर तक ढूंढते रहे, परंतु कहीं पता नहीं चला।
लालगंज कलवारी संपर्क मार्ग पर आज सुबह सड़क किनारे एक महिला का शव मिलने की बात क्षेत्र में आग की तरह फैल गई। पता चलते ही वह भी परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे। जहां ससुर बसंत लाल ने शव की पहचान लापता बहू फूलपत्ती देवी के रूप में की। मृतका के कपड़े अस्त व्यस्त मिले और पास में एक पानी के बोतल और कुछ गुटखा भी पड़ा था।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजन ने फूलपत्ती की हत्या किए जाने का आरोप लगाया। प्रभारी निरीक्षक संतनगर धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि मामला सड़क दुर्घटना का लग रहा है।