-राज्य में 03 लाख 03 लाख 63 हजार एपिक कार्ड का वितरण
देहरादून,12 अप्रैल (हि.स.)। उत्तराखंड में लोकसभा चुनाव के मतदान 19 अप्रैल को होंगे। मतदाता पर्ची घर-घर पहुंचने के लिए सरकारी मिशनरी लगी है। राज्य में 83 लाख 35 हजार वोटरों में से अब तक 60 लाख 20 हजार वोटर स्लिप मतदाताओं तक पहुंच चुकी हैं। यह कार्यवाही 14 अप्रैल तक चलेगी।
यह जानकारी शुक्रवार शाम सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार जोगदंडे ने नियमित प्रेस ब्रीफिंग में दी। उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाताओं तक कुछ आवश्यक दस्तावेजों को पहुंचाने का कार्य मतदान से पूर्व किया जाना आवश्यक होता है। राज्य के सभी मतदाताओं तक वोटर स्लिप पहुंचाने का कार्य गतिमान है। उन्होंने बताया कि सभी जनपदों में 83 लाख 35 हजार वोटर स्लिप बीएलओ को उपलब्ध कराये गये हैं। अभी तक 60 लाख 20 हजार वोटर स्लिप मतदाताओं तक पहुंच चुके हैं, यह कार्यवाही 14 अप्रैल 2024 तक पूर्ण करने के निर्देश दिये गये हैं।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि वोटर स्लिप के माध्यम से मतदाताओं को अपने बूथ की संख्या, निर्वाचक नामावली में क्रम संख्या की जानकारी मिल जाती है। नेशनल वोटर सर्च पोर्टल पर सर्च कर भी अपने बूथ और क्रम संख्या की जानकारी ली जा सकती है। राज्य में 03 लाख 90 हजार एपिक कार्ड वितरण का कार्य अवशेष था, उसमें 03 लाख 63 हजार का वितरण कर लिया गया है। अगले दो दिनों में वोटर स्लिप के साथ-साथ अवशेष एपिक कार्ड के वितरण की कार्यवाही पूर्ण करने के निर्देश दिये गये हैं।
13 लाख 54 हजार परिवारों को वोटर गाइड उपलब्ध
उन्होंने बताया कि प्रत्येक मतदाता परिवार को वोटर गाइड भी उपलब्ध कराई जा रही है। 19 लाख 33 हजार परिवारों को वोटर गाइड उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। अभी तक 13 लाख 54 हजार परिवारों को वोटर गाइड उपलब्ध कराई जा चुकी है।
