उत्तरकाशी, 05 जुलाई (हि.स.)। उत्तरकाशी में गोमुख पैदल मार्ग पर चीड़वासा के पास पुल टूटने से फंसे 36 कावड़ियों को एसडीआरएफ टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया है। यहां लकड़ी का पुल टूटने के कारण गुरुवार को दिल्ली निवासी दो कांवड़िए पानी के तेज बहाव में बह गए थे।
गुरुवार को उत्तरकाशी की पुलिस चौकी गंगोत्री ने एसडीआरएफ टीम को सूचित किया था कि चीड़वासा पुल टूट गया है, जिस कारण 36 कावड़िए नदी के दूसरे छोर पर फंस गए हैं। डीएम डॉ मेहरबान सिंह बिष्ट ने गंगोत्री नेशनल पार्क के उपनिदेशक एवं एसडीआरएफ को सर्च अभियान चलाने के निर्देश दिए थे। शुक्रवार सुबह एसडीआरएफ टीम रवाना हुई। एसडीआरएफ टीम ने लगभग 08 किमी पैदल दूरी तय कर घटनास्थल पर पहुंचकर 36 कांवडियों को सकुशल निकाल लिया है।
गंगोत्री नेशनल पार्क के उपनिदेशक रंगनाथ पांडेय ने बताया कि सभी कांवड़ियों को एसडीआरएफ एवं वन विभाग की संयुक्त टीम ने सकुशल रेस्क्यू कर लिया है।