लेखपाल के साथ मारपीट करने वाले ग्राम प्रधान के खिलाफ जारी हुआ गिरफ्तारी वारंट

– लेखपाल संघ ने दी आंदोलन की चेतावनी

हरिद्वार, 05 जुलाई (हि.स.)। ग्राम प्रधान द्वारा लेखपाल के साथ की गई मारपीट के मामले में न्यायालय ने प्रधान के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। वहीं तीन सप्ताह बाद भी आरोपित ग्राम प्रधान की गिरफ्तारी नहीं होने पर लेखपाल संघ और सहयोगी संगठनों ने कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने चेतावनी दी है कि आरोपित ग्राम प्रधान की शीघ्र गिरफ्तारी नहीं हुई, तो वह प्रदेश स्तर पर आंदोलन शुरू करेंगे।

लक्सर क्षेत्र के प्रतापपुर गांव निवासी अनूप सैनी ने ग्राम प्रधान रौनिक कुमार पर अवैध खनन किए जाने का आरोप लगाते हुए सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत की थी। एसडीएम के आदेश पर 11 जून को हलका लेखपाल अंजू कुमार गांव में मामले की जांच करने गए थे। आरोप है कि मामले को लेकर जब उन्होंने ग्राम प्रधान रौनिक कुमार से पूछताछ की तो उन्होंने अपने भाई रवि और अन्य लोगों के साथ मिलकर लेखपाल पर हमला कर दिया और सरकारी दस्तावेज छीनकर फाड़ डालें।

इस संबंध में लेखपाल की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित ग्राम प्रधान रौनिक कुमार, उसके भाई रवि और अन्य अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। तभी से ग्राम प्रधान की गिरफ्तारी की मांग को लेकर लेखपाल संघ, कानूनगो संघ, कंप्यूटर ऑपरेटर संघ, भूलेख डाटा एंट्री ऑपरेटर संघ, राजस्व संग्रह अमीन संघ, उत्तराखंड कलेक्ट्रेट मिनिस्टीरियल कर्मचारी संघ और संग्रह परिचारक संघ से जुड़े कर्मचारियों द्वारा जनपद में कार्य बहिष्कार कर लक्सर तहसील में धरना दिया जा रहा है।

लेखपाल संघ के सचिव योगेंद्र सिंह राणा ने बताया कि आरोपित ग्राम प्रधान की गिरफ्तारी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। अगर जरूरी हुआ तो प्रदेश स्तर पर आंदोलन शुरू किया जाएगा।

वहीं, पुलिस के प्रार्थना पत्र पर न्यायालय द्वारा ग्राम प्रधान के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया गया है।