देहरादून, 06 जुलाई (हि.स.)। दारुल उलूम वक्फ बोर्ड देवबंद के प्रतिनिधिमण्डल ने शनिवार को दरबार साहिब में महंत देवेन्द्र दास महाराज से शिष्टाचार भेंट की। देवबंद से आए प्रतिनिधिमण्डल ने दरबार साहिब के सज्जादे गद्दी नशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास महाराज को दारुल उलूम देवबंद आने का निमंत्रण दिया।
शनिवार को दारुल उलूम वक्फ बोर्ड देवबंद का प्रतिनिधिमण्डल दरबार साहिब पहुंचा। दरबार साहिब की परंपरा के अनुसार उनका स्वागत किया गया।
प्रतिनिधिमण्डल में शामिल गणमान्य व्यक्तियों ने महंत इन्दिरेश अस्पताल की ओर से स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सेवा में दी जा रही सेवाओं की भूरी-भूरी प्रशंसा की। उन्होंने एसजीआरआर देवबंद शाखा के द्वारा स्कूली शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान की विशेष रूप से तारीफ की।
प्रतिनिधिमण्डल में मुफ्ती मुहम्मद एहसान चीफ ऑर्गनाइजर ऑफ मुफ्तीज ऑल ओवर इण्डिया, चीफ मुफ्ती दारुल उलुम देवबंद, मुफ्ती गुफरान, प्रोफेसर जमियत-उल-उलूम देवबंद, कारी साजिद साहब (पूर्व मंत्री देवबंद, उत्तर प्रदेश सरकार), मलिक मौजान, सामाजिक कार्यकर्ता देवबंद, मुफ्ती रहीश एहमद कासमी शहर मुफ्ति देहरादून एवं चीफ इमाम उत्तराखण्ड व सदर जमित ओलामा हिन्द प्रबन्धक मदरसा जामियतुस सलाम, मौलाना तौहीद, मुजफ्फरनगर ने दरबार साहिब में अमन-ओ-अमान, सभी की तरक्की और नेक राह पर चलने की दुआ मांगी।
मुफ्ती मुहम्मद एहसान ने कहा कि मुस्लिम सम्मेलनों में महंत इन्दिरेश अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में आमजन से बहुत अच्छे फीडबैक मिलते हैं। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर व पड़ोसी राज्यों से बड़ी संख्या में मरीज महंत इन्दिरेश अस्पताल की सेवाओं का लाभ ले रहे हैं। उन्होंने महंत इन्दिरेश अस्पताल के डाॅक्टरों की टीम व स्टाफ को इस नेक कार्य के लिए मुबारकबाद दी। वार्ता के दौरान उत्तराखण्ड के मदरसों व वक्फ बोर्ड की दशा सुधारने समेत अन्य मद्दों पर पर चर्चा हुई।