पन्ना : ग्राम पटोरी में उल्टी दस्त से चार बच्चों की मौत,  12 से अधिक लोग बीमार

पन्ना : ग्राम पटोरी में उल्टी दस्त से चार बच्चों की मौत,  12 से अधिक लोग बीमार

पन्‍ना, 12 सितंबर (हि.स.)। पन्ना जिले के पवई विधानसभा के ग्राम पटोरी में चार लोगों की मौत हो जाने का मामला सामने आया है। बताया जाता है की ग्राम पटोरी के आदिवासी मोहल्ला में बीते मंगलवार को अखिलेश पुत्र शंभू दीन उम्र 7 वर्ष की मौत हो गई थी। वहीं बुधवार रात्रि एक ही परिवार मुन्नीलाल आदिवासी के अशोक उम्र 14 वर्ष, उपासना 11 वर्ष एवं सीमा 6 वर्ष की उल्टी दस्त से मौत हो गई।

स्वास्थ्य विभाग को इसकी जानकारी लगते ही स्वास्थ्य टीम मौके पर पहुंची साथ ही मोहल्ले में बीमार लगभग एक दर्जन लोगों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई लाया गया, जहां इलाज जारी है। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा बीमार लोगों के भोजन एवं पानी के सैंपल लिए गए है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में मातम एवं भय का माहौल व्याप्त है। जांच का परिणाम आने के बाद यह स्पष्ट होगा कि आखिर इन बच्चों की मौत का कारण क्या है।

एक दर्जन लोग अस्पताल में भर्ती-

पटोरी गांव में उल्टी दस्त के प्रकोप से प्रभावित लगभग एक दर्जन आदिवासी परिवार के लोग इलाज के लिए भर्ती हुए हैं जिसमें सभी आदिवासी समुदाय के लोग बताए गए हैं जिसमें जारू , बतीबाई ,गेंदाबाई, बेटीबाई, मोगली हसीन, पूनिया, मेंकी भाई, अवधबाई, रेखा बाई ,हसीना आदिवासी एवं करण का नाम शामिल है।

उपरोक्त मामले मेबीएमओ पवई विवेक कुमार का कहना है कि प्रथम दृष्टिया प्रदूषित भोजन करने से उल्टी दस्त का प्रकोप होने का मामला समझ में आ रहा है फिर भी टीम भेज कर वहां के पानी एवं भोजन सैंपल जांच के लिए मांगे गए हैं जिसकी जांच की जाएगी तभी वास्तविक कारण का पता चल सकेगा।