पतंजलि विश्वविद्यालय ने चलाया स्वच्छता अभियान,मन-वचन-कर्म से स्वच्छता अपना भारत को विश्व गुरु बनाने का संकल्प
हरिद्वार, 02 अक्टूबर (हि.स.)। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के विशेष स्वच्छता अभियान 4.0 के अंतर्गत पतंजलि विश्वविद्यालय की ओर से गांधी जयंती पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ पंतजलि विश्वविद्यालय के प्रति-कुलपति प्रो. मयंक अग्रवाल, मुख्य केंद्रीय प्रभारी स्वामी परमार्थदेव, कुलानुशासक स्वामी आर्षदेव, परीक्षा नियंत्रक डॉ. एके सिंह ने किया।
स्वच्छता अभियान का लक्ष्य जनमानस को मन से, वचन से एवं कर्म से स्वच्छता को अपनाना और भारत को विश्व गुरु बनाने के संकल्प को सामाजिक सामर्थ्य एवं सकारात्मकता व युवा शक्ति के माध्यम से साकार करना है। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं के द्वारा स्वरचित नारों के माध्यम से जनमानस को जागरुक करने का प्रयास किया।
स्वच्छता यात्रा को दो भागों में बांटकर साध्वी देवप्रतिष्ठा के निर्देशन में छात्राओं ने पतंजलि योगपीठ से लेकर शांतरशाह तक जबकि स्वामी डॉ. परामर्थदेव और स्वामी आर्षदेव के निर्देशन में छात्रों ने पतंजलि वेलनेस तक आम जनमानस को स्वच्छता और स्वास्थ्य के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संयोजन डॉ. वैशाली गौड़ एवं डॉ. रोमेश शर्मा ने किया।