(अपडेट) विधायक के गांव में फायरिंग, चाचा-भतीजे को लगी गोली, लाइसेंसी हथियार के साथ फायरिंग करने वाला गिरफ्तार
पलामू, 4 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के पूर्णा मझिगांवा में शुक्रवार सुबह जमीन विवाद को लेकर फायरिंग हो गई। इस घटना में तीन लोग जख्मी हो गए। तीन आपस में चाचा-भतीजा हैं। लाइसेंसी रायफल से गोली चलाई गई। सभी को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में (एमआरएमसीएच) में भर्ती किया गया। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद सभी को रिम्स रेफर कर दिया गया है। घटनास्थल से डालटनगंज के भाजपा विधायक आलोक चौरसिया का गांव सटा हुआ है। दिनदहाड़े हुई गोली चालन की घटना से गांव में हड़कंप मच गया है। सूचना मिलने पर पुलिस छानबीन में जुट गई है। जख्मी का फर्द बयान लिया गया। घायलों का हाल-चाल जानने के लिए बड़ी संख्या में लोग एमआरएमसीएच पहुंचे।
एसपी रीष्मा रमेशन ने पत्रकारों को बताया कि पुलिस ने फायरिंग में इस्तेमाल हथियार जप्त कर लिया है और आरोपी आशुतोष कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी द्वारा लाइसेंसी हथियार से फायरिंग करने का मामला सामने आया है। तीन राउंड गोली चलायी गयी है। घटनास्थल से तीन खोखा बरामद किया गया है।
जानकारी के अनुसार पूर्णा मझिगांवा में शुक्रवार सुबह 7-8 बजे के बीच जमीन के एक मामले में गोतिया परिवार के दो पक्ष आपस में भिड़ गए। इसी क्रम में एक पक्ष के द्वारा छत से फायरिंग की गई। ईट और पत्थर के टुकड़े फेंके गए। इस घटना में चाचा सूर्यदेव प्रसाद और भतीजे सुरेंद्र चौरसिया एवं अखिलेश प्रसाद को गोली का छर्रा लगा। सूर्यदेव प्रसाद के सिर, कंधा एवं पैर में छर्रा लगा है। सुरेन्द्र एवं मिथिलेश के हाथ सहित शरीर के अन्य हिस्से में छर्रा लगा है। हड्डी में छर्रा घुस जाने के कारण तीनों को रेफर करने का निर्णय लिया गया।
जख्मी अखिलेश प्रसाद चौरसिया ने बताया कि गोली आशुतोष कुमार ने चलायी। उसके साथ राजू, जितेंद्र, राकेश भी छत पर थे। ईट और पत्थर के टुकड़े फेंक रहे थे। कई राउंड गोली चली। शिवदयाल महतो एवं अन्य के साथ 35 वर्ष से जमीन विवाद चल रहा है। मामला कोर्ट में है। गुरुवार को शिवदयाल महतो एवं अन्य लोगों ने विवादित जमीन की जबरदस्ती जुताई की थी। शुक्रवार सुबह में इस मामले में पूछताछ करने के लिए शिवदयाल महतो के घर गए थे। सड़क पर खड़े थे और बातचीत कर रहे थे। इसी क्रम में अचानक छत से खुद की जमीन बताते हुए फायरिंग की गई। सभी को गोली का छर्रा लगा।
चैनपुर थाना प्रभारी श्रीराम शर्मा ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे एवं फायरिंग में शामिल आशुतोष कुमार को गिरफ्तार किया। उसके पास से लाइसेंसी रायफल जब्त की गयी है। तीन खोखा मिला है। तीन राउंड ही गोली चलने की जानकारी दी गयी है। छानबीन की जा रही है। प्राथमिकी दर्ज कर शनिवार को आरोपित को जेल भेजा जाएगा।
—————