पंजाबी हिंदू बिरादरी की रावण दहन की तैयारी अंतिम चरण में
गया के कारीगर बना रहे रावण सहित अन्य का पुतला
रांची, 09 अक्टूबर( हि.स.)। राजधानी रांची में पंजाबी हिंदू बिरादरी रावण दहन कार्यक्रम की तैयारी जोर-शोर कर रही है। 1948-49 से लगातार रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित किए जा रहे रावण वध कार्यक्रम की तैयारी अब अंतिम चरण में है। बिहार के गया जिले से आए कारीगर मोहम्मद मुस्लिम और उनके सहयोगी के जरिये रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद का पुतला बनाया जा रहा है।
कडरू के लाला लाजपत राय मध्य विद्यालय में रावण, कुंभकर्ण और मेघनाथ का पुतला बनाया जा रहा है। सभी पुतलों को 10 अक्टूबर को यहां से मोरहाबादी मैदान ले जाया जाएगा। 12 अक्टूबर की शाम मोरहाबादी मैदान में लंका दहन होगा। पंजाबी हिन्दू बिरादरी के राजेश खन्ना ने बुधवार को बताया कि इस बार 65 फीट का रावण, 60 फीट का कुंभकर्ण और 55 फीट की ऊंचाई वाला मेघनाद का पुतला बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस बार बेहद खास यह है कि रावण का कपड़ा बेहद आकर्षक होगा और वाटरप्रूफ भी होगा ताकि मौसम खराब होने या बारिश में भी रावण दहन में कोई परेशानी न हो। खन्ना ने कहा कि इस बार का रावण ज्यादा बलिष्ठ और बलवान होगा।
पंजाबी हिंदू बिरादरी की ओर से मोरहाबादी मैदान में आयोजित होने वाले दशहरा एवं लंका दहन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन होंगे। मुख्यमंत्री रावण के पुतले का दहन करेंगे। रक्षा राज्य मंत्री सह सांसद संजय सेठ कुंभकर्ण का और पूर्व मंत्री सह विधायक सीपी सिंह मेघनाद का पुतला दहन करेंगे। साथ ही मुंबई से पटाखा लगाने वाले आतिशबाज आ रहे हैं।
—————