जयपुर, 30 सितंबर । राजस्थान में बढ़ते तापमान को देखते हुए प्रदेश के सरकारी स्कूलों के समय में प्रस्तावित बदलाव को फिलहाल टाल दिया गया है। अब एक अक्टूबर के बजाय 16 अक्टूबर से स्कूलों का समय बदलेगा। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने बुधवार को इस संबंध में आदेश जारी कर 15 अक्टूबर तक स्कूलों में पहले से निर्धारित समय व्यवस्था जारी रखने के निर्देश दिए हैं।
नए आदेश के अनुसार प्रदेश में एक पारी वाले स्कूल सुबह 7:30 बजे से दोपहर एक बजे तक संचालित होंगे। यानी विद्यार्थियों और शिक्षकों को एक अक्टूबर से नई समय व्यवस्था के अनुसार स्कूल नहीं पहुंचना होगा। 15 अक्टूबर तक वर्तमान समय सारणी ही लागू रहेगी।
दरअसल, सरकार ने 31 मार्च 2026 को जारी आदेश में 1 अक्टूबर से स्कूलों के समय में बदलाव प्रस्तावित किया था। इसी आधार पर इस बार भी एक अक्टूबर से समय बदलने की तैयारी थी। लेकिन सितंबर के अंतिम दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान बढ़ने और
पश्चिमी राजस्थान में गर्मी का असर बने रहने के कारण शिक्षक संगठनों ने स्कूलों का समय फिलहाल नहीं बदलने की मांग रखी थी।
शिक्षक संगठनों की मांग को देखते हुए सरकार ने समय परिवर्तन को 15 दिन आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है। अब 16 अक्टूबर से नई समय व्यवस्था लागू होगी। स्कूलों के समय परिवर्तन को लेकर पिछले वर्षों की व्यवस्था भी अलग रही है। वर्ष 2022, 2023 और 2024 में स्कूलों का समय 16 अक्टूबर से बदला गया था, जबकि पिछले वर्ष एक अक्टूबर से समय में बदलाव किया गया था। इस बार भी गर्मी के कारण 16 अक्टूबर से समय बदलने का निर्णय किया गया है।
प्रदेश के कई हिस्सों में सितंबर के अंतिम दिनों में तापमान में फिर बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
पश्चिमी राजस्थान के कुछ जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास या उससे ऊपर पहुंच रहा है। फलोदी में मंगलवार को अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि बाड़मेर और जैसलमेर में 36.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
बीकानेर, जैसलमेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू सहित पश्चिमी एवं उत्तरी राजस्थान के कई इलाकों में भी गर्मी का असर बना हुआ है। ऐसे में स्कूल समय में बदलाव को आगे बढ़ाने के फैसले से विद्यार्थियों और शिक्षकों को फिलहाल राहत मिलेगी। हालांकि अस्पतालों के समय में बदलाव एक अक्टूबर से ही लागू होगा, यानी स्कूल और अस्पतालों की समय व्यवस्था इस बार अलग-अलग तारीख से बदलेगी।