फतेहाबाद : डीएपी किल्लत से खफा किसान डीसी से मिले, एक सप्ताह का दिया अल्टीमेटम

फतेहाबाद : डीएपी किल्लत से खफा किसान डीसी से मिले, एक सप्ताह का दिया अल्टीमेटम

फतेहाबाद, 21 अक्टूबर (हि.स.)। डीएपी खाद न मिलने से किसानों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रबी फसलों की बिजाई की तैयारी में लगे किसानों को समय पर डीएपी न मिलने से किसानों में काफी नाराजगी है। इस मामले को लेकर गांव जांडली कलां के दर्जनों किसान सोमवार को रमेश जाण्डली के नेतृत्व में उपायुक्त मनदीप कौर से मिले और उन्हें मांग पत्र सौंपकर डीएपी खाद पर्याप्त मात्रा में जल्द उपलब्ध करवाने की मांग की। किसानों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त डीडीओ को मौके पर बुलाकर उन्हें डीएपी खाद को लेकर तुरंत आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। डीसी ने किसानों को आश्वासन दिया कि जल्द ही डीएपी खाद मुहैया करवा दी जाएगी। किसानों ने अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि एक सप्ताह में डीएपी खाद की कमी को दूर नहीं किया गया तो किसान आंदोलन करने पर मजबूर होंगे।

किसानों के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे रमेश जांडली, सरपंच प्रतिनिधि विजय कमांडो, किसान सभा जांडली यूनिट के प्रधान कप्तान कोहाड़, महेन्द्र जागलान, सुखबीर जागलान, सुभाष भैरो, विक्रम सिंह आदि किसानों ने कहा कि गांव के किसानों को इन दिनों डीएपी खाद के भारी संकट का सामना करना पड़ रहा है। खाद को लेकर किसान पैक्स के चक्कर काट-काटकर थक चुके हैं लेकिन उन्हें डीएपी खाद नहीं मिल पा रही। रमेश जांडली ने कहा कि इस समस्या को लेकर किसानों ने 10 सितम्बर को गोरखपुर पैक्स के प्रबंधक को भी लिखित में शिकायत दी थी लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ।

इसके बाद भी किसान दर्जनों बार मौखिक तौर पर डीएपी खाद की किल्लत को लेकर अधिकारियों को अवगत करवा चुके हैं लेकिन कोई भी अधिकारी किसानों की समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहा है। रमेश जांडली ने कहा कि गेहूं और सरसों की बिजाई का समय नजदीक है और किसान रबी फसलों की बिजाई की तैयारी कर रहे हैं। ऐसे में समय पर डीएपी न मिलने से उनके साथ संकट खड़ा हो गया है। जाण्डली के किसानों को गोरखपुर पैक्स से अभी तक एक भी बैग डीएपी खाद नहीं मिली है। इस समस्या को लेकर किसानों ने आज डीसी से मिलकर डीएपी उपलब्ध करवाने की मांग रखी। किसानों ने कहा जिले की तीनों विधानसभा से कांग्रेस के विधायक है। उन्होंने कांग्रेस विधायकों से भी मांग की कि वह डीएपी संकट को लेकर शासन-प्रशासन से बातचीत करें और किसानों को डीएपी खाद तुरंत उपलब्ध करवाएं।