अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि डीएमएफ की राशि का उपयोग प्राथमिक व आवश्यक कार्यों में हो –  भाेजराज नाग

अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि डीएमएफ की राशि का उपयोग प्राथमिक व आवश्यक कार्यों में हो –  भाेजराज नाग

कांकेर, 24 अक्टूबर (हि.स.)। जिला पंचायत के सभाकक्ष में आज गुरूवार जिले काे मिलने वाले डीएमएफ राशि की समीक्षा बैठक में कांकेर सांसद भाेजराज नाग ने कहा कि अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि डीएमएफ की राशि का उपयोग प्राथमिक व आवश्यक कार्यों में हो । उन्होंने कहा कि खनन प्रभावित क्षेत्र के लोगों को इसका अनिवार्य रूप से लाभ मिले, ऐसी कार्ययोजना बनाई जाए।

जिले के अंदरूनी क्षेत्रों में अभी भी व्यापक स्तर पर विकास की जरूरत है, अतः प्रभावित ग्रामीणों को लक्षित कर खनिज न्यास निधि की राशि का उपयोग किया जाए। इस अवसर पर अंतागढ़ विधायक विक्रम उसेण्डी, कांकेर विधायक आशाराम नेताम, भानुप्रतापपुर विधायक सावित्री मंडावी तथा जिला पंचायत अध्यक्ष श्री ध्रुव ने भी बैठक में अपने क्षेत्र स्तर पर हो रहे कार्यों के संबंध में विचार व्यक्त किए।

बैठक में कलेक्टर एवं जिला खनिज न्यास निधि के पदेन अध्यक्ष निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में डीएमएफ के तहत वार्षिक प्राप्ति राशि 50 करोड़ रूपये है, जिसके अंतर्गत 60 प्रतिशत राशि का व्यय उच्च प्राथमिकता क्षेत्र के कार्य, 40 प्रतिशत राशि का व्यय अन्य प्राथमिकता में किया जाता है। कलेक्टर ने यह भी बताया कि शासन द्वारा जिला खनिज संस्थान न्यास निधि के दिशा निर्देश में बदलाव करने के कारण कांकेर जिले को एनएमडीसी दंतेवाड़ा से मिलने वाला आबंटन अप्राप्त है। इस दौरान उन्होंने यह भी बताया कि राज्य शासन के निर्देशानुसार महत्वाकांक्षी नियद नेल्लानार योजना के तहत चयनित ग्रामों के विकास के लिए डीएमएफ मद का उपयोग प्राथमिकता से किया जाना प्रस्तावित है। इसके अलावा कलेक्टर ने वर्ष 2014-15 से 2024- 25 तक प्राप्त आबंटन एवं व्यय की वर्षवार जानकारी बैठक में दी, साथ ही नवीन प्रस्तावित कार्ययोजना 2024-25 का प्रस्ताव बैठक में रखा।

—————