भोपाल, 12 जनवरी (हि.स.)। युवाओं के प्रेरणास्त्रोत स्वामी विवेकानंद की आज शुक्रवार को जयंती है। हर वर्ष इनकी जयंती के अवसर पर 12 जनवरी को युवा दिवस के रुप में मनाया जाता है। इसके साथ ही इस विशेष दिन पर हर वर्ष सामूहिक सूर्य नमस्कार का आयोजन होता है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर उन्हें विनम्र नमन किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव राजधानी के सुभाष उत्कृष्ट विद्यालय में आयोजित सामूहिक सूर्य नमस्कार समारोह में भी शामिल हुए और छात्रों के साथ योग किया।
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर ट्वीट कर कहा “उठो, जागो और तब तक मत रुको, जब तक लक्ष्य की प्राप्ति ना हो जाए”। विश्व को भारत की सभ्यता एवं संस्कृति से अवगत कराने वाले, युवाओं के प्रेरणा स्रोत, स्वामी विवेकानंद जी की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन एवं राष्ट्रीय युवा दिवस पर शुभकामनाएं। आपके ओजस्वी विचार सर्वदा प्रेम, सौहार्द एवं सेवा की दिव्य ज्योत को देदीप्यमान रखेंगे और मानवता के कल्याण के पथ पर गतिमान रहने के लिए प्रेरित करते रहेंगे।