फतेहाबाद : पिता ने बेटे की लठ मारकर हत्या की, रातभर साथ सोया रहा आरोपी

फतेहाबाद : पिता ने बेटे की लठ मारकर हत्या की, रातभर साथ सोया रहा आरोपी

फतेहाबाद, 22 दिसंबर (हि.स.)। जिले के गांव भूथनकलां में शनिवार आधी रात को एक 17 साल के युवक की लठ मारकर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। युवक की हत्या का आरोप उसके पिता पर है। रविवार सुबह पिता अपने लडक़े के शव के पास ही सोया मिला। परिजनों ने जब युवक को लहुलुहान देखा तो इस बारे पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना सदर फतेहाबाद पुलिस की टीम थाना प्रभारी कुलदीप सिंह के नेतृत्व में मौके पर पहुंच गई वहीं सीन आफ क्राइम टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। बताया जा रहा है कि रात के समय आरोपी पिता ने शराब पी रखी थी और नशे मे ही उसने इस वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है। मिली जानकारी के अनुसार गांव सदलपुर निवासी सुरजीत का 17 साल का लडक़ा परमजीत अपने ननिहाल गांव भूथन कलां में मामा जिले सिंह की ढाणी में आया था। शनिवार रात को वह घर पर सो रहा था। देर रात को उसका पिता सुरजीत वहां आया और सोये पड़े अपने युवक के सिर में लाठी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद वह भी उसके पास ही सो गया। सुबह जब जिले सिंह का परिवार मौके पहुंचा तो देखा कि परमजीत का शव चारपाई पर पड़ा मिला। इसके बाद उन्होंने इस बारे पुलिस को सूचना दी। इस मामले में अभी परिजन कोई भी जानकारी देने से बच रहे हैं। बताया जाता है कि आरोपी व्यक्ति ने शराब पी रखी थी और उसकी दिमागी हालत भी ठीक नहीं है। शराब के नशे में ही उसने इस वारदात का अंजाम दिया।