केजरीवाल ने आतिशी की गिरफ्तारी और सिसोदिया के घर सीबीआई रेड की जताई आशंका
नई दिल्ली, 6 जनवरी (हि.स.)। दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों के बीच सियासी बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। एक तरफ जहां भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी पर उसकी वादाखिलाफी को लेकर हमलावर हैं, वहीं आम आदमी पार्टी भी वोटर लिस्ट “समरी रिवीजन” तथा अन्य मुद्दों को लेकर विपक्षी दलों पर हमलावर है।
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक बार फिर मुख्यमंत्री आतिशी की गिरफ्तारी और पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के यहां अगले कुछ दिनों में सीबीआई रेड की आशंका जताई है।
केजरीवाल ने सोमवार को सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “मैंने कुछ दिन पहले बोला था कि दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी को गिरफ्तार किया जाएगा और आम आदमी पार्टी के कुछ नेताओं पर रेड होगी। विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक मनीष सिसोदिया के घर अगले कुछ दिनों में सीबीआई रेड होगी।”
केजरीवाल ने दावा किया, “भाजपा दिल्ली विधानसभा का चुनाव हार रही है। ये गिरफ्तारियां और रेड उनकी बौखलाहट का नतीजा है। अभी तक इन्हें हमारे ख़िलाफ़ कुछ नहीं मिला, आगे भी कुछ नहीं मिलेगा। आम आदमी पार्टी एक कट्टर ईमानदार पार्टी है।”
————–