मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी में हरिद्वार के पहलवानों का दबदबा

हरिद्वार, 19 सितंबर । खेल महाकुंभ 2026-27 के अंतर्गत मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता के दूसरे दिन शनिवार को योगस्थली खेल परिसर, रोशनाबाद में अंडर-14 वर्ग की फ्रीस्टाइल कुश्ती प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं। प्रदेश के विभिन्न जनपदों से पहुंचे खिलाड़ियों ने अलग-अलग भार वर्गों में शानदार प्रदर्शन किया। हरिद्वार के खिलाड़ियों ने कई मुकाबलों में पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता के दूसरे दिन 38 किलोग्राम अंडर-14 बालक वर्ग में हरिद्वार के रक्षित राठी ने स्वर्ण पदक हासिल किया। इसी वर्ग में अल्तमश ने रजत और यासिर ने कांस्य पदक जीता। 41 किलोग्राम वर्ग में हरिद्वार के रिहान ने प्रथम तथा दिव्यांश ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

44 किलोग्राम वर्ग में हरिद्वार के कृष्ण कुमार ने स्वर्ण पदक जीता। नैनीताल के अर्पित पाल ने रजत पदक हासिल किया, जबकि चम्पावत के हर्षित और हरिद्वार के विहान लोहान संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे।

48 किलोग्राम वर्ग में हरिद्वार के अरमान ने प्रथम, यथार्थ लोहान ने द्वितीय तथा काय मलिक और हर्ष कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं 52 किलोग्राम वर्ग में हरिद्वार के निशांत ने स्वर्ण और विशाल ने रजत पदक जीता। ऊधमसिंह नगर के मनन चंद तथा हरिद्वार के लवकुश सिंह ने कांस्य पदक हासिल किया।

इस अवसर पर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अनन्तानन्द सरस्वती सहित कई विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे। भाजपा मंडल अध्यक्ष जितेंद्र पुंडीर, मंडल महामंत्री भानु प्रताप, देवेंद्र चौधरी, अमन चौहान, हितेश चौहान, पूनम मिश्रा, अशोक कुमार, रोहित और प्रदीप सहित जनप्रतिनिधि तथा खेल विभाग, युवा कल्याण विभाग और प्रांतीय रक्षक दल के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी मुकेश भट्ट ने बताया कि योगस्थली खेल परिसर में मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी जनपदों के खिलाड़ी विभिन्न आयु एवं भार वर्गों में प्रतिभाग कर रहे हैं।