नर सेवा से बढकर कोई सेवा व पूजा नहीं : श्रीमहंत नारायण गिरि
महाकुम्भ नगर, 11 जनवरी (हि.स.)। श्री दूधेश्वर नाथ महादेव मठ मंदिर द्वारा सेक्टर 20 संगम लोअर मार्ग शास्त्री ब्रिज के नीचे कुंभ मेला क्षेत्र में भोजन प्रसाद की व्यवस्था की गई है। शिविर में मंदिर के पीठाधीश्वर व जूना अखाड़ा के अंतरराष्ट्रीय प्रवक्ता श्रीमहंत नारायण गिरि के सानिध्य में प्रयागराज महाकुम्भ में पधारने वाले संतों व भक्तों के लिए चाय-नाश्ते से लेकर भोजन प्रसाद तक की व्यवस्था की जा रही है। प्रत्येक दिन शिविर को संतों व भक्तों को अलग-अलग प्रकार के भोजन प्रसाद की सुविधा उपलब्घ कराई जा रही है।
श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज ने कहा कि नर सेवा से बढ़कर कोई सेवा व पूजा नहीं है। हमारे शास्त्रों, पुराणों व ग्रंथों में तो स्पष्ट कहा गया है कि नारायण को प्राप्त करना है तो नर सेवा करो। नर सेवा करेंगे तभी नारायण से साक्षात्कार होगा। महाकुम्भ भारत ही नहीं पूरे विश्व का सबसे बडा़ धार्मिक व आध्यात्मिक आयोजन है। प्रयागराज महाकुम्भ में देश विदेश से लाखों-करोड़ों संतों व भक्तों के आने का सिलसिला जारी है। ये सभी नारायण का ही रूप हैं। अतः इनकी सेवा करना हम सभी का कर्त्तव्य है। संत तो भगवान के दूत ही होते हैं और श्रद्धालु भी भगवान का अंश ही हैं। इनकी सेवा सबसे बडी पूजा है।
श्री दूधेश्वर नाथ महादेव मठ मंदिर 5 फरवरी तक निरतंर शिविर का आयोजन कर प्रयागराज महाकुम्भ में आने वाले संतों व भक्तों की सेवा करेगा। सेवा में महंत मुकेशानंद गिरि महाराज, अम्बुज त्यागी, अमित शर्मा, अभिषेक पांडेय, सूर्यानंद गिरि, मिश्राजी आदि भी सहयोग कर रहे हैं।