कार्याें की गुणवत्ता में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार हाेंगे ब्लैक लिस्ट : विपुल गोयल
चंडीगढ़, 30 जनवरी (हि.स.)। हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखने वाले ठेकेदारों को ब्लैक लिस्ट करने के निर्देश दिए हैं।
मंत्री ने यह निर्देश हरियाणा निवास में प्रदेशभर के नगर निकायों के अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता करते हुए दिए। बैठक में उद्योग और पर्यावरण मंत्री राव नरवीर भी उपस्थित रहे।
उन्हाेंने उपस्थित अधिकारियों से कहा कि सभी वरिष्ठ अधिकारी सप्ताह में एक बार फील्ड में जाकर रिपोर्ट लेना सुनिश्चित करें। इससे अधीनस्थ अधिकारी हमें भ्रमित नहीं कर सकेंगे और हर विषय की अपडेट जानकारी हमारे पास होगी।
उन्होंने कहा कि हम ऐसे विभाग से जुड़े हैं जिनके काम की लोग प्रतिदिन समीक्षा करते हैं। उन्होंने कहा कि जब सुबह लोग सैर के लिए निकलते हैं तो रास्तों में सड़कों पर गलियों में सफाई व्यवस्था देखकर हमारे विभाग की कार्यशैली की समीक्षा करते हैं।
शहरी स्थानीय निकाय मंत्री ने कहा कि सफाई व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। इसके लिए हमारे पास संसाधनों और बजट की कोई कमी नहीं है। विपुल गोयल ने अधिकारियों से कहा कि विभाग से जुड़े कार्यों की निरंतर जिलों में भी समीक्षा करें। उन्होंने कहा कि जल्दी ही वे स्वयं भी प्रत्येक जिले में जाकर कामों की समीक्षा करेंगे।
—————