अनियंत्रित ट्रैक्टर के चाहरदीवारी से टकराने से चालक की मौत
पलामू, 11 फ़रवरी (हि.स.)। जिले हरिहरगंज थाना क्षेत्र के भगत तेंदुआ गांव के समीप एनएच 139 पर मंगलवार को सीमेंट लोड एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे चालक की मौत हो गयी।
ट्रैक्टर सड़क किनारे बने नाले पर चढ़ते हुए चाहरदीवारी से जा टकराया। इसी क्रम में ड्राइवर उछलकर नीचे जा गिरा, जिससे ड्राइवर की मौत हो गयी। मृत चालक की पहचान कटैया पंचायत के बांसों गांव निवासी कृष्णा राम के पुत्र राजू राम के रूप में हुई।
मिली जानकारी के अनुसार चालक ट्रैक्टर पर सीमेंट लोड कर कौवाखोह की ओर जा रहा था। तभी भगत तेंदुआ के पास ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने नाले पर चढ़ते हुए इंडेन गैस एजेंसी की चाहरदिवारी में जा टकराया, जिससे ट्रैक्टर ट्रॉली और इंजन के बीच हिंच टूट गया और चालक गिरकर बुरी तरह से घायल हो गया। आसपास के लोगों की मदद से उसे घायलावस्था में सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
—————