संजय आनंद लाठकर मुंबई में परमाणु ऊर्जा विभाग के आईजी सिक्योरिटी नियुक्त

संजय आनंद लाठकर मुंबई में परमाणु ऊर्जा विभाग के आईजी सिक्योरिटी नियुक्त

रांची, 11 फरवरी (हि.स.)। झारखंड कैडर के सीनियर आईपीएस संजय आनंद लाठकर को केन्द्र सरकार के परमाणु ऊर्जा विभाग में आईजी सिक्योरिटी नियुक्त किया गया है। आईपीएस संजय आनंद लाठकर मुंबई स्थित परमाणु मुख्यालय में अपना योगदान देंगे। केंद्र सरकार की ओर से अधिसूचना जारी कर इस संबंध में मंगलवार को जानकारी दी गई है।

झारखंड पुलिस के एडीजी अभियान संजय आनंद लाठकर वर्ष 1995 बैच के आईपीएस हैं और एक तेज तर्रार व ईमानदार पुलिस अधिकारी माने जाते हैं। इससे पहले लाठकर केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर सीआरपीएफ में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर रहते हुए आईपीएस लाठकर झारखंड चैप्टर के आईजी भी रह चुके हैं। अब संजय आनंद लाठकर एक बार फिर केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जा रहे हैं। केंद्रीय मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने लाठकर को एडीजी स्तर और वेतन पर परमाणु ऊर्जा विभाग के तहत आईजी सुरक्षा के पद पर नियुक्त करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है।

उल्लेखनीय है कि संजय आनंद महाराष्ट्र के रहने वाले हैं, इसलिए उन्हें एक बार फिर अपने ही राज्य में रहने या यूं कहें कि रिटायरमेंट तक का मौका मिला है। आईपीएस संजय आनंद के केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने के बाद झारखंड में एडीजी रैंक के अधिकारियों की कमी हो जाएगी। संजय फिलहाल एडीजी अभियान के पद पर पदस्थापित है।

—————