चमोली जिला : गांवों से लेकर शहर तक हुआ राममय, मंदिरों में हुए भजन-कीर्तन

गोपेश्वर, 22 जनवरी (हि.स.)। अयोध्या में भव्य मंदिर में भगवान रामलला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर सोमवार को जहां पूरा देश राममय बना हुआ है वहीं चमोली जिले के गांवों से लेकर शहर के हर कोने में भक्तों ने कीर्तन-भजन समेत भक्तिमय गीत संगीत का आयोजन भी किया।

चमोली जिला मुख्यालय गोपेश्वर के मुख्य बस स्टेशन पर संयुक्त रामलीला मंच की ओर से भक्तिमय गीत संगीत का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न स्कूलों के साथ ही लोक गायकों ने भी अपने भक्तिमय गीतों से भक्तों को झूमने पर मजबूर किया। गोपीनाथ मंदिर समेत चमोली जिला मुख्यालय के मंदिरों में भजन कीर्तन के आयोजन के साथ ही भंडारे भी लगाये गये, जिसमें लोगों को प्रसाद वितरण किया गया।

जिले के जोशीमठ, कर्णप्रयाग, पोखरी, देवाल, गैरसैण, थराली, नारायणबगड़ समेत अनेक स्थानों पर मंदिरों में रातभर भजन कीर्तन के साथ ही रामायण का पाठ भी किया गया। जिसमें भक्तों ने बढ़ चढ़ कर भाग लिया। साथ ही इस अवसर पर राम की झांकियां भी निकाली गई।