जेल अदालत-सह-विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन 

जेल अदालत-सह-विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन 

-जेल अदालत के जरिए चार बंदी हुए मुक्त

रांची, 16 फरवरी (हि.स.)।

झालसा के निर्देश पर न्यायायुक्त-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के मार्गदर्शन में रविवार को बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा होटवार में जेल अदालत-सह-विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रुप में वरीय न्यायिक पदाधिकारी कुशेश्वर सिंकु के साथ मयंक मलयाज, मनोज कुमार इंदवार, शंभु महतो, डालसा सचिव कमलेश बेहरा, न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी प्रशांत वर्मा, कारापाल, काराकर्मी बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा होटवार, रांची और एलएडीसी चीफ प्रवीण कुमार श्रीवास्तव, डिप्टी चीफ राजेश कुमार सिन्हा, सहायक बिरेंद्र प्रताप, न्यायालयकर्मी और कई बंदी उपस्थित थे।

विभिन्न न्यायालयों में लंबित मामलों के निष्पादन के लिए केंद्रीय कारा में 10 बंदियों का आवेदन जेल अदालत के लिए दिया गया था। इसमें से चार बंदियों को जेल अदालत का लाभ देते हुए कारा मुक्त किया गया, जिनमें सिटु कुशवाहा, विक्की कुमार, पन्ना किस्कू और राकेश अहीर का नाम शामिल है।

जेल अदालत-सह-विधिक जागरूकता शिविर में बंदियों को लीगल एड क्लिनिक के बारे में जानकारी दी गई। सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने बंदियों की समस्याओं को सुना और उनसे आवेदन लेकर उक्त समस्याओं के जल्द समाधान के लिए मौजूद एलएडीसी एवं सदस्यों को निर्देश दिया।

इस मौके पर मैडिकल कैंप का भी आयोजन किया गया, जिसमें सभी बंदियों के स्वास्‍थ्‍य की जांच की गई।

इस अवसर पर डालसा सचिव ने कहा कि आगे भी मेडिकल कैंप लगाकर कैदियों के स्वास्‍थ्‍य की जांच की जाएगी।

वहीं महिला बंदी कक्ष में महिला बंदियों के बीच विशेष जागरुकता शिविर भी लगाया गया।

—————