शासकीयकरण की मांग काे लेकर पंचायत सचिव संघ 17 मार्च काे देगा धरना, 18 मार्च से अनिश्चितकालिन हड़ताल
कोंड़ागांव, 15 मार्च (हि.स.)। प्रदेश पंचायत सचिव संघ के आह्वान पर कोण्डागांव जिला के ग्राम पंचायत सचिव संघ के जिला अध्यक्ष रमेश कुमार नेताम के नेतृत्व में पांचों ब्लॉक के ग्राम पंचायत सचिव ने शनिवार को कोंड़ागांव जनपद पंचायत संसाधन केंद्र में आहूत बैठक की। बैठक में घोषणा किया कि पंचायत सचिव के शासकीयकरण की मांग काे लेकर 17 मार्च सोमवार को एक दिवसीय धरना प्रदर्शन एवं एक अप्रेल काे विधानसभा का घेराव किया जाएगा। इसके बाद भी राज्य सरकार हमारी मांगों को पूरा नही करती तो 18 मार्च से अपने अपने ब्लॉक मुख्यालय में अनिश्चितकालिन हड़ताल बैठ जाएंगे।
कोंड़ागांव जिला सचिव संघ के अध्यक्ष रमेश कुमार नेताम ने बताया कि विधानसभा चुनाव वर्ष 2023-24 में चुनाव में मोदी की गारंटी में पंचायत सचिवों को शासकीयकरण करने का वादा किया था। 1995 से कार्यरत पंचायत सचिवों को शासकीयकरण की गारंटी दी गई है। इन्डोर स्टेडियम रायपुर के सभागार में मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष, उपमुख्यमंत्री, मंत्री महिला बाल विकास विभाग तथा घोषणा पत्र के संयोजक सांसद दुर्ग की उपस्थिति में पंचायत सचिवों के शासकीयकरण को अति आवश्यक मानते हुये शीघ्र ही शासकीयकरण करने का भरोसा देते हुए मुख्यमंत्री द्वारा मोदी की गारंटी को पूरा करने हेतु तत्काल कमेटी गठन करने की घोषणा गया था। मुख्यमंत्री के घोषणा अनुरूप 16 जुलाई 2024 को पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा समिति गठन कर 30 दिवस के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने हेतु उल्लेख किया गया था। उक्त आदेश के परिपालन में कमेटी द्वारा पंचायत सचिवों के शासकीयकरण के संबंध में प्रतिवेदन प्रस्तुत कर दिया गया है। जिस पर पंचायत सचिवों को पूर्ण आशा एवं विश्वास था कि रिपोर्ट अनुसार बजट सत्र में शासकीयकरण का सौगात प्रदान किया जायेगा। किन्तु बजट सत्र में नही आने एवं इस विषय पर सरकार द्वारा कोई पहल नहीं करने के कारण पूरे प्रदेश के पंचायत सचिव क्षुब्ध एवं आक्रोशित होकर अपनी मांग को लेकर राज्य सरकार के विरोध में धरना प्रदर्शन करने का फैसला लिया है।
—————